गिरिडीह में दुर्गा पूजा की तैयारियों का जायजा, मेयर का अल्टीमेटम—दो दिनों में दुरुस्त करें सभी व्यवस्था
दुर्गा पूजा को लेकर गिरिडीह नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष संजय सिंह, महापौर प्रमिला मेहरा और उप महापौर सुमित कुमार ने शहरी क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।

गिरिडीह में दुर्गा पूजा की तैयारियों का जायजा, मेयर का अल्टीमेटम—दो दिनों में दुरुस्त करें सभी व्यवस्था
संजय सिंह, महापौर प्रमिला मेहरा और उप महापौर सुमित कुमार ने किया पूजा पंडालों का निरीक्षण, सुरक्षा से लेकर बिजली-पानी तक की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
गिरिडीह, मनोज कुमार
गिरिडीह : दुर्गा पूजा को लेकर गिरिडीह नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष संजय सिंह, महापौर प्रमिला मेहरा और उप महापौर सुमित कुमार ने शहरी क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों और पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया गया। महापौर ने संबंधित विभागों को अगले दो दिनों के भीतर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान स्वच्छता, बिजली, पेयजल, सुरक्षा, यातायात और अग्निशमन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों को पंडालों के आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित करने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया गया।
दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की परंपरा को आगे बढ़ाने की पहल इस मौके पर जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू प्रत्येक वर्ष दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर पूजा समितियों से संपर्क करते थे और पंडालों में मौजूद कमियों को दूर कराने की पहल करते थे। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी विभिन्न विभागों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ पूजा पंडालों का निरीक्षण किया गया है। समस्याओं को सूचीबद्ध कर उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: महापौर
महापौर प्रमिला मेहरा ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान गिरिडीह शहर के पूजा पंडालों में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि उन्हें स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम वातावरण मिले। उन्होंने सभी पूजा समितियों और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया।
उन्होंने बिजली विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने, स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम और एंबुलेंस तैनात रखने तथा अग्निशमन व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। साथ ही पंडालों के आसपास साफ-सफाई और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था को प्राथमिकता देने को कहा।

महापौर ने शहरवासियों से भी अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन करने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि दुर्गा पूजा का त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
निरीक्षण में कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान उप महापौर सुमित कुमार, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरूवा, प्रशिक्षु आईएएस एस. कुमार, सदर एसडीओ धीरेन्द्र प्रसाद, उप नगर आयुक्त अशोक हांसदा, सिटी मैनेजर मंजूर आलम, पथ निर्माण विभाग, पेयजल आपूर्ति विभाग और विद्युत विभाग के सहायक अभियंता सहित कनीय अभियंता अमित कुमार मौजूद रहे।
इसके अलावा झामुमो जिला उपाध्यक्ष अजित कुमार पप्पु, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, महानगर अध्यक्ष राकेश कुमार रॉकी, गिरिडीह साउंड यूनियन के जिला अध्यक्ष रामजी यादव, युवा नेता अभय सिंह, रंजीत यादव, हबलू गुप्ता, जिला सह सचिव दिलीप रजक, राकेश कुमार सिंह, मोनू सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे।




