गिरिडीह जीएसटी कार्यालय में सीबीआई का बड़ा एक्शन, सुपरिटेंडेंट और इंस्पेक्टर घूसखोरी में गिरफ्तार l
धनबाद से आई सीबीआई की टीम ने बुधवार को गिरिडीह के बजरंग चौक स्थित सेंट्रल जीएसटी कार्यालय में छापेमारी कर करोड़ों रुपये की कथित घूसखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की।

गिरिडीह जीएसटी कार्यालय में सीबीआई का बड़ा एक्शन, सुपरिटेंडेंट और इंस्पेक्टर घूसखोरी में गिरफ्तार l
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : धनबाद से आई सीबीआई की टीम ने बुधवार को गिरिडीह के बजरंग चौक स्थित सेंट्रल जीएसटी कार्यालय में छापेमारी कर करोड़ों रुपये की कथित घूसखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की। सीबीआई ने जीएसटी विभाग के सुपरिटेंडेंट बुद्धेश्वर सुंडी और इंस्पेक्टर बिरजू कुमार को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पूरे जीएसटी कार्यालय में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार बिरनी प्रखंड के खाखीपीपर निवासी राजू अंसारी ने इस मामले की शिकायत सीबीआई से की थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वर्ष 2023 में उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट अनीश कुमार सेठ तथा जीएसटी विभाग के दोनों अधिकारियों ने मिलकर उन पर 95 लाख रुपये का जीएसटी टैक्स जमा करने का नोटिस भेजा था। लगातार तीन नोटिस मिलने के बाद जब राजू अंसारी मामले की जानकारी लेने जीएसटी कार्यालय पहुंचे तो उन्हें पूरे मामले में गड़बड़ी और धोखाधड़ी का संदेह हुआ।

इसके बाद उन्होंने सीधे धनबाद स्थित सीबीआई कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सीबीआई ने जाल बिछाया और कथित घूस की रकम को कम कराकर 65 हजार रुपये में सौदा तय कराया गया। योजना के तहत बुधवार को शिकायतकर्ता 50 हजार रुपये लेकर गिरिडीह के सेंट्रल जीएसटी कार्यालय पहुंचे।

आरोप है कि अधिकारियों ने रुपये सीधे हाथ में लेने के बजाय किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से रकम मंगवाई और पैसे सुपरिटेंडेंट के घर भिजवाए गए। इसकी जानकारी शिकायतकर्ता ने पहले ही सीबीआई टीम को दे दी थी।

सीबीआई इंस्पेक्टर रघुनाथ कुमार के नेतृत्व में करीब सुबह 11 बजे कार्यालय में दबिश दी गई। इसके बाद लगभग 13 घंटे तक दोनों अधिकारियों से सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दबाव बढ़ने पर सुपरिटेंडेंट बुद्धेश्वर सुंडी के घर से भी कथित घूस की राशि मंगवाई गई।
सीबीआई की इस कार्रवाई से पूरे जीएसटी विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। टीम मामले की गहराई से जांच में जुटी है और घूसखोरी के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।



