गिरिडीह कॉलेज में भूख हड़ताल का चौथा दिन: ABVP के समर्थन में पहुंचीं मंजू कुमारी, जांच टीम ने खंगाले रिकॉर्ड; फर्जी निकासी के आरोपों की जांच रिपोर्ट यूनिवर्सिटी को जाएगी
गिरिडीह कॉलेज में कथित वित्तीय अनियमितता, फर्जी हस्ताक्षर और सरकारी बैंक खाते से कथित राशि निकासी के आरोपों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का आंदोलन सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा।

गिरिडीह कॉलेज में भूख हड़ताल का चौथा दिन: ABVP के समर्थन में पहुंचीं मंजू कुमारी, जांच टीम ने खंगाले रिकॉर्ड; फर्जी निकासी के आरोपों की जांच रिपोर्ट यूनिवर्सिटी को जाएगी
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह कॉलेज में कथित वित्तीय अनियमितता, फर्जी हस्ताक्षर और सरकारी बैंक खाते से कथित राशि निकासी के आरोपों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का आंदोलन सोमवार को चौथे दिन भी जारी रहा। ABVP के जिला संयोजक नीरज चौधरी और SFS सह संयोजक अनीश रॉय लगातार भूख हड़ताल पर बैठे हैं। सोमवार को दोनों की तबीयत बिगड़ने के बाद चिकित्सकीय जांच कराई गई और उन्हें सदर अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई।

इसी बीच जमुआ विधायक मंजू कुमारी आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में गिरिडीह कॉलेज पहुंचीं। उन्होंने छात्रों से मुलाकात कर उनकी मांगों की जानकारी ली और आंदोलन को समर्थन देते हुए मामले में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी।
वहीं, पूरे मामले की जांच के लिए विनोबा भावे विश्वविद्यालय की दो सदस्यीय जांच टीम भी गिरिडीह कॉलेज पहुंची। टीम ने कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य से मुलाकात कर संबंधित मामलों और दस्तावेजों की जानकारी ली तथा जांच की।

ABVP के आंदोलन में भ्रष्टाचार, घोटाला, फर्जी हस्ताक्षर और सरकारी बैंक से अवैध निकासी जैसे आरोपों की जांच की मांग प्रमुखता से उठाई गई है। संगठन प्राचार्य को हटाने और कॉलेज बचाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहा है। हालांकि इन आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

जांच के दौरान कथित फर्जी हस्ताक्षर के जरिए राशि निकासी के मुद्दे को भी टीम के सामने रखा गया। टीम की ओर से जांच पूरी कर रिपोर्ट विनोबा भावे विश्वविद्यालय को सौंपने की बात कही गई है।
अब देखना होगा कि जांच रिपोर्ट में क्या तथ्य सामने आते हैं और विश्वविद्यालय स्तर पर इस मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाती है।




