गिरिडीह कॉलेज में छात्र मोर्चा का हल्लाबोल, छह सूत्रीय मांगों को लेकर धरना शुरू
गिरिडीह कॉलेज में छात्र हितों और शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर झारखंड छात्र मोर्चा ने गुरुवार से धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

गिरिडीह कॉलेज में छात्र मोर्चा का हल्लाबोल, छह सूत्रीय मांगों को लेकर धरना शुरू
शैक्षणिक सत्र समय पर पूरा कराने से लेकर पूर्व प्राचार्य के कार्यकाल की जांच तक की मांग, कॉलेज प्रशासन पर उठाए सवाल
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : कॉलेज में छात्र हितों और शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर झारखंड छात्र मोर्चा ने गुरुवार से धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। छह सूत्रीय मांगों को लेकर शुरू हुए इस आंदोलन में छात्र मोर्चा ने कॉलेज प्रशासन और विश्वविद्यालय से आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
छात्र मोर्चा का कहना है कि कॉलेज को राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बनाने के बजाय व्यवस्थित शैक्षणिक संस्थान के रूप में संचालित किया जाना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
छह सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन

झारखंड छात्र मोर्चा ने कॉलेज प्रशासन के समक्ष छह प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें कॉलेज परिसर को राजनीतिक गतिविधियों से मुक्त रखने, शैक्षणिक सत्र समय पर पूरा कराने और विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू रूप से संचालित करने की मांग शामिल है।
इसके अलावा प्रोफेसर विनिता कुमारी की शैक्षणिक जिम्मेदारियों और राजनीतिक गतिविधियों में भूमिका की जांच कराने की मांग की गई है। वहीं, प्रोफेसर सतीश यादव से संबंधित पूर्व के जेल जाने के मामले की उपलब्ध दस्तावेजों और नियमों के आधार पर जांच कराने की मांग भी मोर्चा ने रखी है।

पूर्व प्राचार्य डॉ. अनुज कुमार के कार्यकाल के दौरान लिए गए प्रशासनिक एवं वित्तीय निर्णयों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग भी आंदोलन का हिस्सा है। साथ ही कॉलेज परिसर में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की गई है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो और महत्वपूर्ण गतिविधियों की निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
छात्र हित में आंदोलन का दावा
झारखंड छात्र मोर्चा ने कहा कि उसका आंदोलन विद्यार्थियों की समस्याओं और कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार को लेकर है। मोर्चा ने कॉलेज प्रशासन और विश्वविद्यालय से मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।
धरना-प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष अभय कुमार, जिला सचिव विशाल झा, जिला उपाध्यक्ष रौनक मिश्रा, रोहित कुमार, सुमेर वर्मा, बड्डी यादव, आर्यन वर्मा, सूरज मंडल, राज पांडे, बिट्टू यादव, आदित्य यादव, राकेश यादव, रितेश पाठक, करीना कुमारी, रोहित मरांडी, दुर्गा सोरेन, बिरन बास्की, गोविंद किस्कू, सावन मुर्मू, दीपक सोरेन, अस्टीफन मरांडी, सुनुलाल टुडू, सुनील मरांडी, पंकज मुर्मू, विमल मरांडी, संजीव मुर्मू और विनय हांसदा सहित अन्य छात्र मौजूद रहे।



