गिरिडीह कॉलेज की कथित अनियमितताओं पर राजभवन पहुंचा मामला, अभाविप ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
गिरिडीह कॉलेज में कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं का मामला अब राजभवन तक पहुंच गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल सह विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति संतोष गंगवार से मुलाकात कर पूरे मामले से संबंधित दस्तावेज और साक्ष्यों के साथ ज्ञापन सौंपा।

गिरिडीह कॉलेज की कथित अनियमितताओं पर राजभवन पहुंचा मामला, अभाविप ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन
स्वतंत्र उच्चस्तरीय जांच, फोरेंसिक ऑडिट और जांच पूरी होने तक संबंधित पदाधिकारियों को दायित्व से अलग करने की मांग
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह कॉलेज में कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं का मामला अब राजभवन तक पहुंच गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश मंत्री प्रकाश टुटी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल सह विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति संतोष गंगवार से मुलाकात कर पूरे मामले से संबंधित दस्तावेज और साक्ष्यों के साथ ज्ञापन सौंपा।

अभाविप ने मांग की है कि गिरिडीह कॉलेज प्रकरण की स्वतंत्र, उच्चस्तरीय और समयबद्ध जांच कराई जाए। संगठन ने जांच पूरी होने तक संबंधित पदाधिकारियों को प्रशासनिक एवं वित्तीय दायित्वों से अलग रखने की भी मांग की है।
अभाविप का दावा है कि उसके पास परीक्षा बिल, मानदेय भुगतान के दस्तावेज, हस्ताक्षरयुक्त अभिलेख, उपस्थिति पंजी, परीक्षा रिकॉर्ड, IGNOU अध्ययन केंद्र से जुड़े दस्तावेज, कार्यालयीय पत्राचार और बैंक संबंधी कागजात सहित कई साक्ष्य मौजूद हैं। संगठन ने जरूरत पड़ने पर हस्ताक्षरों और वित्तीय लेन-देन के फोरेंसिक ऑडिट की मांग भी की है।

प्रदेश सह मंत्री मंटू मुर्मू ने कहा कि संगठन किसी व्यक्ति विशेष के पक्ष या विपक्ष में नहीं है। उनकी मांग है कि उपलब्ध दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच हो और यदि जांच में वित्तीय या प्रशासनिक अनियमितता प्रमाणित होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
वहीं, प्रतिनिधिमंडल के अनुसार राज्यपाल संतोष गंगवार ने पूरे मामले को गंभीरता से सुना और आवश्यक जानकारी प्राप्त कर संबंधित विश्वविद्यालय को राजभवन से जल्द सूचना जारी करने का आश्वासन दिया।

अभाविप के नेता ने कहा कि विद्यार्थियों के हित, कॉलेज प्रशासन में पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच को लेकर संगठन आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा।
प्रतिनिधिमंडल में प्रांत अध्यक्षा डॉ. मौसमी पॉल, प्रांत संगठन मंत्री पशुपति नाथ उपमन्यु, प्रदेश सह मंत्री अभय वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।




