गिरिडीह के टुंडी रोड, बरवाडीह स्थित एकतरफा जर्जर रेल ओवरब्रिज की स्थिति पर जताई गई गहरी चिंता – केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी को मरम्मत एवं विस्तारीकरण को लेकर सौंपा गया ज्ञापन
गिरिडीह, झारखंड के गिरिडीह ज़िले में स्थित टुंडी रोड, बरवाडीह के पुराने और एकतरफा रेल ओवरब्रिज की जर्जर स्थिति पर स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में गहरी चिंता व्याप्त है

गिरिडीह के टुंडी रोड, बरवाडीह स्थित एकतरफा जर्जर रेल ओवरब्रिज की स्थिति पर जताई गई गहरी चिंता – केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी को मरम्मत एवं विस्तारीकरण को लेकर सौंपा गया ज्ञापन
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह ज़िले में स्थित टुंडी रोड, बरवाडीह के पुराने और एकतरफा रेल ओवरब्रिज की जर्जर स्थिति पर स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में गहरी चिंता व्याप्त है। इस संदर्भ में ZRUCC (पूर्व रेलवे) के सदस्य एवं भारतीय जनता पार्टी, गिरिडीह ज़िला के कोषाध्यक्ष मुकेश कुमार जालान ने आज केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री, भारत सरकार, अन्नपूर्णा देवी को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि यह ओवरब्रिज ब्रिटिश कालीन है और विगत कई दशकों से इसकी न तो मरम्मत हुई है, न ही आधुनिकीकरण। वर्तमान में पुल एकतरफा है और गड्ढों व दरारों से क्षतिग्रस्त होकर दुर्घटनाओं का कारण बनता जा रहा है।
श्री जालान ने बताया कि इस पुल से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन गुजरते हैं, जिनमें स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ उद्योगों से जुड़े मज़दूर, कर्मचारी एवं भारी मालवाहक वाहन भी शामिल हैं। यह पुल गिरिडीह को धनबाद, आसनसोल व कोलकाता जैसे औद्योगिक नगरों से जोड़ता है, जिससे इसकी सामरिक महत्ता और भी बढ़ जाती है।
उन्होंने यह भी बताया कि पुल की कम ऊँचाई के कारण संबंधित रेलवे खंड का विद्युतीकरण कार्य अधर में है, जिससे न केवल रेलवे के संचालन में बाधा उत्पन्न हो रही है, बल्कि कोयला चोरी जैसी घटनाओं में भी वृद्धि हो रही है।
श्री जालान ने मंत्री से आग्रह किया है कि वे इस मुद्दे पर त्वरित संज्ञान लें और ओवरब्रिज की मरम्मत के साथ-साथ इसे दोतरफा एवं आधुनिक मानकों के अनुरूप विस्तारित करने हेतु आवश्यक निर्देश जारी करें।




