गिरिडीह की राजनीति में सुदिव्य सोनू के निधन से आया शून्य: बीमा कर्मचारी संघ ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ, गिरिडीह के तत्वावधान में एलआईसी शाखा कार्यालय में दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि देने के लिए शोकसभा आयोजित की गई।

गिरिडीह की राजनीति में सुदिव्य सोनू के निधन से आया शून्य: बीमा कर्मचारी संघ ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ, गिरिडीह के तत्वावधान में एलआईसी शाखा कार्यालय में दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि देने के लिए शोकसभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के सचिव धर्म प्रकाश ने की।

शोकसभा में दिवंगत मंत्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अभिकर्ताओं ने उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और शोक-संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस मौके पर संघ के सचिव धर्म प्रकाश ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन से गिरिडीह ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके निधन से गिरिडीह की राजनीति में एक बड़ा शून्य पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि दिवंगत मंत्री मृदुभाषी, सुलझे हुए राजनेता, सक्रिय जनप्रतिनिधि और जनसरोकारों से जुड़े हुए नेता थे।

वक्ताओं ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू एक दूरदर्शी राजनेता थे। उनकी सोच गिरिडीह और झारखंड के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की थी। वे गिरिडीह को विकास के मानचित्र पर एक अलग पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत रहे।
शोकसभा में उपस्थित लोगों ने कहा कि जनहित के मुद्दों से जुड़े रहने वाले और लोगों के बीच लोकप्रिय रहे सुदिव्य कुमार सोनू की कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी। उपस्थित सभी लोगों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए शोक-संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
कार्यक्रम में संजय शर्मा, अनुराग मुर्मू, विजय कुमार, कुमकुम बाला वर्मा, उमानाथ झा, राजेश कुमार, कुलजीत कुमार, रवि, अंशु सिंघानिया, रोशन कुमार, अभय कुमार, माहेश्वरी वर्मा, प्रदीप कुमार, देवनाथ दास, प्रदीप प्रसाद, सुनील कुमार वर्मा, दिनेश कुमार, हिमांशु शेखर सहित एलआईसी के कई अधिकारी, कर्मचारी एवं अभिकर्ता मौजूद रहे।




