Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

कृषि मेला सह प्रदर्शनी में किसानों ने दिखाई अपनी प्रतिभा, विधायक संजीव सरदार ने किया सम्मानित

कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के परियोजना निदेशक आत्मा, पूर्वी सिंहभूम की ओर से सोमवार को प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड स्तरीय कृषि मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

कृषि मेला सह प्रदर्शनी में किसानों ने दिखाई अपनी प्रतिभा, विधायक संजीव सरदार ने किया सम्मानित*

हेमंत सोरेन सरकार किसानों को आधुनिक खेती से जोड़कर कर रही सशक्त : संजीव सरदार

9 किसानों के बीच सात लाख रुपए केसीसी ऋण वितरित, 25 किसानों को मिला मृदा जांच प्रमाण पत्र; श्रेष्ठ उत्पादक किसानों को कृषि यंत्र और प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित

अभिजीत सेन

जामसेदपुर /पोटका

कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के परियोजना निदेशक आत्मा, पूर्वी सिंहभूम की ओर से सोमवार को प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड स्तरीय कृषि मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न गांवों से पहुंचे सैकड़ों किसानों ने अपने कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट उत्पादन करने वाले किसानों को कृषि यंत्र एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं नौ किसानों के बीच सात लाख रुपये का केसीसी ऋण वितरित किया गया तथा 25 किसानों को मृदा जांच प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

किसान ही अन्नदाता, कृषि में भविष्य की अपार संभावनाएं : संजीव सरदार

कृषकों को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि किसान ही अन्नदाता हैं। हम सभी का भोजन किसानों की मेहनत और खेतों में पैदा होने वाली फसलों पर निर्भर है। जिस प्रकार जनसंख्या लगातार बढ़ रही है और नौकरी के अवसर सीमित हैं, ऐसे में कृषि क्षेत्र में भविष्य की अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को भी आधुनिक कृषि और इससे जुड़ी गतिविधियों को रोजगार के रूप में अपनाने की जरूरत है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे सरकार की कृषि योजनाओं का लाभ उठाएं और खेती को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएं।

हेमंत सोरेन सरकार कृषि को बढ़ावा देने के लिए चला रही कई योजनाएं – संजीव सरदार

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार किसानों को प्रोत्साहित करने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। सरकार का उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, कृषि उत्पादन बढ़ाना और उन्हें आधुनिक खेती से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि किसान सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और उनका लाभ लेकर अपनी आय एवं उत्पादन में वृद्धि करें।

25 एकड़ में संचालित कृषक पाठशाला का लाभ उठाएं किसान – विधायक

विधायक संजीव सरदार ने किसानों को सोहदा पंचायत के बालीजुड़ी में संचालित कृषक पाठशाला की जानकारी देते हुए कहा कि यहां 25 एकड़ जमीन पर कृषक पाठशाला शुरू की गई है। इस पाठशाला में किसानों को कृषि की नई तकनीकों और वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने का प्रशिक्षण दिया जाता है। उन्होंने किसानों से इस प्रशिक्षण का लाभ उठाने और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने की अपील की।

जैविक खाद के उपयोग पर दिया जोर

विधायक ने खेती में जैविक खाद के उपयोग को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जैविक तरीके से उत्पादित कृषि उपज का विशेष महत्व है। किसानों को रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करते हुए जैविक खाद के इस्तेमाल की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने बताया कि जैविक खाद के उपयोग के मामले में लातेहार जिला राज्य में प्रथम स्थान पर है। किसानों को भी इस दिशा में जागरूक होकर खेती को अधिक टिकाऊ और लाभकारी बनाने का प्रयास करना चाहिए।

श्रेष्ठ कृषि उत्पादक किसानों को कृषि यंत्र और प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

कृषि मेला सह प्रदर्शनी में विभिन्न गांवों से किसान अपने उत्पाद लेकर पहुंचे थे। बेहतर उत्पादन करने वाले किसानों को विधायक संजीव सरदार के हाथों कृषि यंत्र एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में गेंदे के फूल के उत्पादन के लिए कंचन मंडल एवं चंदन मंडल तथा अमरूद उत्पादन के लिए दुलाल महाकुड़ एवं लोसो हेंब्रम शामिल रहे।

इसके अलावा लौकी, कोहड़ा, गन्ना, पपीता, धान, फूलगोभी, बंदगोभी, बैंगन, टमाटर, गाजर, मूली, मिर्च, ओल और मशरूम सहित विभिन्न कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। वहीं शिमला मिर्च उत्पादन के साथ मुर्गी एवं बतख पालन से जुड़े उत्पादकों ने भी अपनी उपलब्धियों का प्रदर्शन किया। किसानों के उत्पादों ने कृषि की विविधता और ग्रामीण क्षेत्रों में खेती एवं पशुपालन की संभावनाओं को प्रदर्शित किया।

कृषि विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य सोना मनी सरदार, सुधीर सोरेन, बीपीएम कौशल झा, बीएओ देवेंद्र महतो, आनंद दास, एटीएम फुलेश्वर महतो एवं प्रतिमा महतो, भुवनेश्वर सरदार, बीरेन पात्र, हितेश भगत, जनसेवक सुखदेव हेंब्रम, कौशिक डे, कृषक मित्र विश्वजीत गोप, संदीप पाटबांधा, परमेश्वर मुर्मू, प्रदीप मंडल, फलींद्र गोप, पियुष मंडल, शिव महाकुड़, दुलाल महाकुड़, जमाल उद्दीन, अफसर अली सहित अनेक किसान उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button