Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादुर्घटनादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़हेल्थ

इसरी बाजार में भीषण सड़क हादसा, 4 की मौत, 20 से अधिक घायल; उपायुक्त रामनिवास यादव ने संभाला मोर्चा l

गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड अंतर्गत इसरी बाजार में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।

इसरी बाजार में भीषण सड़क हादसा, 4 की मौत, 20 से अधिक घायल; उपायुक्त रामनिवास यादव ने संभाला मोर्चा l

गिरिडीह, मनोज कुमार।

गिरिडीह : गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड अंतर्गत इसरी बाजार में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार एक अनियंत्रित ट्रेलर ने कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में लगभग चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने मामले का त्वरित संज्ञान लिया और संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने का निर्देश दिया। इसके बाद उपायुक्त स्वयं घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा सभी आवश्यक संसाधन तत्काल उपलब्ध कराए जाएं।

उपायुक्त ने स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी लेते हुए दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश संबंधित विभाग को दिया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

क्रेन और एंबुलेंस की तत्काल व्यवस्था हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने और यातायात व्यवस्था बहाल करने के लिए तत्काल क्रेन की व्यवस्था की गई। वहीं घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने के लिए डुमरी, पीरटांड़ और बगोदर प्रखंड से सरकारी एवं निजी एंबुलेंस उपलब्ध कराई गईं।

उपायुक्त के निर्देश पर तीनों प्रखंडों के प्रशासनिक अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया। साथ ही डुमरी अनुमंडल पदाधिकारी के समन्वय में अंचल अधिकारी डुमरी, पीरटांड़ और बगोदर को भी घटनास्थल पर प्रतिनियुक्त किया गया। गंभीर घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था गंभीर रूप से घायल लोगों के बेहतर इलाज के लिए उपायुक्त ने धनबाद स्थित विभिन्न अस्पतालों से संपर्क स्थापित कराया और स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक समन्वय बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जरूरत पड़ने पर गंभीर घायलों को उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया जाए।

घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद उपायुक्त डुमरी रेफरल अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने इलाजरत घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
प्रशासन हर परिस्थिति में पीड़ित परिवारों के साथ

उपायुक्त रामनिवास यादव ने अस्पताल में मौजूद परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता घायलों का समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना है।

उन्होंने अधिकारियों को दुर्घटना के कारणों की गंभीरता से जांच करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया।
स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना राहत एवं बचाव कार्य के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों का भी सराहनीय सहयोग देखने को मिला। जिला प्रशासन ने सभी लोगों के मानवीय सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
उपायुक्त ने आम लोगों से अपील की कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और सावधानी बरतें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button