इनर व्हील सनशाइन ने अनोखे अंदाज़ में मनाया सावन मिलन — बच्चों की फैंसी ड्रेस से दिया “जल बचाओ–पर्यावरण बचाओ” का संदेश
इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन द्वारा क्लब प्रेसिडेंट राखी झुनझुनवाला के आवास पर सावन मिलन समारोह का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया।

इनर व्हील सनशाइन ने अनोखे अंदाज़ में मनाया सावन मिलन — बच्चों की फैंसी ड्रेस से दिया “जल बचाओ–पर्यावरण बचाओ” का संदेश
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन द्वारा क्लब प्रेसिडेंट राखी झुनझुनवाला के आवास पर सावन मिलन समारोह का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। इस बार सावन मिलन को मनोरंजन के साथ जल एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश से जोड़कर एक सार्थक रूप दिया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण क्लब सदस्यों के बच्चों की “Save Water – Save Environment” थीम पर आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता रही, जिसका आयोजन क्लब प्रेसिडेंट राखी झुनझुनवाला एवं ISO नमिता जमवार द्वारा किया गया। बच्चे धरती माँ, पेड़-पौधे, जल एवं प्रकृति के विभिन्न स्वरूपों में सजकर आए और अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से संदेश दिया कि जल और पर्यावरण सुरक्षित रहेंगे, तभी प्रकृति हरी-भरी रहेगी और सावन की खूबसूरती भी बनी रहेगी।

बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और संदेशों ने सभी का मन मोह लिया। उनके प्रयास को प्रोत्साहित करते हुए सभी बच्चों को “Nature Guardian – प्राकृतिक संरक्षक” ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में गिरिडीह की मेयर प्रमिला मेहरा ने भी क्लब सदस्य के रूप में शिरकत की और बेहद सहज एवं आत्मीय अंदाज़ में अन्य सदस्यों के साथ सावन मिलन का आनंद लिया।

समारोह में पारिवारिक रिश्तों और संस्कारों को भी खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया। माँ-बेटी, माँ-बेटा, सास-बहू तथा देवरानी-जेठानी ने सावन के गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर संदेश दिया कि रिश्ते ही हमारे पर्व और उत्सवों की असली खूबसूरती हैं। सभी प्रतिभागियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही सावन से जुड़े मनोरंजक गेम्स, हौजी एवं अन्य रोचक गतिविधियों ने कार्यक्रम में खूब रंग जमाया। सदस्यों को हरी चूड़ियां, बिंदी एवं आकर्षक उपहार भी भेंट किए गए।
कार्यक्रम में PDC पूनम सहाय, IPP कविता राजगढ़िया, वाइस प्रेसिडेंट स्मृति आनंद, सेक्रेटरी संगीता सिन्हा, ट्रेजरर रश्मि गुप्ता, एडिटर समा परवीन के साथ-साथ क्लब के लगभग 50 सदस्य उपस्थित रहे।

स्वादिष्ट अल्पाहार एवं भोजन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस तरह सावन की मस्ती, रिश्तों की मिठास और “जल बचाओ–पर्यावरण बचाओ” के संदेश के साथ इनर व्हील सनशाइन का सावन मिलन यादगार बन गया।




