इंसानियत की अनूठी मिसाल बना हजारीबाग प्रेस क्लब, बेजुबान की पीड़ा देख पसीजा पत्रकारों का दिल
घायल और बीमार नन्हे श्वान के इलाज से लेकर दूध और भोजन तक की कराई व्यवस्था, मां की वापसी ने भावुक कर दिया माहौल

इंसानियत की अनूठी मिसाल बना हजारीबाग प्रेस क्लब, बेजुबान की पीड़ा देख पसीजा पत्रकारों का दिल
घायल और बीमार नन्हे श्वान के इलाज से लेकर दूध और भोजन तक की कराई व्यवस्था, मां की वापसी ने भावुक कर दिया माहौल
हजारीबाग : कभी-कभी जिंदगी के कुछ छोटे-छोटे दृश्य इंसानियत का ऐसा बड़ा संदेश दे जाते हैं, जो लंबे समय तक दिल और दिमाग में अपनी छाप छोड़ जाते हैं। ऐसा ही एक भावुक और आत्मविभोर कर देने वाला दृश्य आज हजारीबाग प्रेस क्लब परिसर में देखने को मिला, जहां पत्रकारों ने अपनी संवेदनशीलता और मानवीय सरोकार का परिचय देते हुए तीन नन्हे बेजुबान जीवों के प्रति अपनत्व और करुणा की अनूठी मिसाल पेश की है,

दरअसल, हजारीबाग प्रेस क्लब परिसर में घूमते हुए तीन नवजात आवारा श्वान के बच्चे पहुंचे। खेलते-कूदते इन नन्हे जीवों में से एक बच्चा लगातार दर्द से कराह रहा था और प्रेस क्लब की सीढ़ियों पर चढ़ने का प्रयास कर रहा था। उसकी बेचैनी और असामान्य गतिविधियों को देखकर प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष सितेश तिवारी की नजर उस पर पड़ी, करीब से देखने पर पता चला कि नन्हा श्वान गंभीर रूप से घायल और बीमार है, आशंका जताई गई कि किसी जानवर के काटने से उसके शरीर पर गहरा जख्म हो गया था, जिसमें कीड़े पड़ चुके थे।

उसकी पीड़ा देखकर सितेश तिवारी का मन व्यथित हो उठा उन्होंने बिना देर किए उसके उपचार की व्यवस्था शुरू कर दी स्वयं बाजार जाकर आवश्यक दवाइयां, पट्टी और अन्य जरूरी चिकित्सा सामग्री लेकर आए। इतना ही नहीं, तीनों नन्हे श्वानों के लिए दूध और भोजन की भी व्यवस्था कराई भूख से व्याकुल इन बेजुबानों को जब दूध और भोजन मिला तो उनकी बेचैनी कम हुई और वे कुछ शांत नजर आए इसके बाद हजारीबाग प्रेस क्लब के कार्यकारिणी सदस्य अनिल राम ने भी संवेदनशीलता का परिचय दिया, उन्होंने घायल नन्हे श्वान के जख्म को अपने हाथों से सावधानीपूर्वक साफ किया और उस पर दवा लगाई,
उपचार के बाद बच्चे को कुछ राहत मिलती दिखाई दी। सभी को उम्मीद है कि समय पर देखभाल और समुचित उपचार मिलने से वह जल्द स्वस्थ हो जाएगा, इस पूरे घटनाक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब कुछ देर बाद उन नन्हे श्वानों की मां भी वहां पहुंच गई, अपने बच्चों को सुरक्षित और लोगों की देखरेख में देखकर उसका सहज व्यवहार मानो मौन आभार व्यक्त कर रहा था, यह दृश्य वहां मौजूद पत्रकारों और अन्य लोगों के लिए बेहद भावुक कर देने वाला था,
इस छोटी-सी घटना ने एक बड़ी बात फिर साबित कर दी कि संवेदनशीलता और इंसानियत किसी पद, प्रतिष्ठा या पहचान की मोहताज नहीं होती। बेजुबान जीव भी दर्द, भूख और तकलीफ महसूस करते हैं, उन्हें भी स्नेह, सुरक्षा और उपचार की उतनी ही जरूरत होती है, जितनी किसी अन्य जीव को जरूरत सिर्फ इतनी है कि कोई उनकी पीड़ा को महसूस करने वाला हो।
हजारीबाग प्रेस क्लब परिसर में पत्रकारों की इस पहल की उपस्थित साथियों ने मुक्त कंठ से सराहना की खबरों के माध्यम से समाज की समस्याओं और संवेदनाओं को सामने लाने वाले पत्रकारों ने आज अपने व्यवहार से भी यह संदेश दिया कि इंसानियत केवल लिखने और बोलने का विषय नहीं, बल्कि उसे अपने आचरण में उतारना ही सच्ची मानवता है किसी बेजुबान की पीड़ा को समझना, उसके दर्द पर मरहम लगाना और उसकी भूख मिटाना ही इंसान होने का सबसे खूबसूरत परिचय है।




