आय से अधिक संपत्ति मामला: गिरिडीह में सरकारी कर्मी के घर एसीबी का छापा
आय से अधिक संपत्ति मामला: गिरिडीह में सरकारी कर्मी के घर एसीबी का छापा

आय से अधिक संपत्ति मामला: गिरिडीह में सरकारी कर्मी के घर एसीबी का छापा
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह: गिरिडीह में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ा कदम उठाते हुए धनबाद एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने सोमवार सुबह सरकारी कर्मचारी प्रदीप गोस्वामी के घर पर छापेमारी की। पंजाबी मुहल्ला स्थित उनके आवास पर कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

सुबह होते ही पांच गाड़ियों के काफिले के साथ एसीबी की टीम ने आवास को चारों ओर से घेर लिया और सघन तलाशी अभियान शुरू किया। पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मोहल्ले में भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया। प्रदीप गोस्वामी, जो पूर्व में जिला स्थापना शाखा में कार्यरत थे और वर्तमान में पीरटांड प्रखंड कार्यालय में पदस्थापित हैं, उन पर पहले से ही आय से अधिक संपत्ति रखने का आरोप है। इसी संदर्भ में यह छापेमारी की गई है।
सूत्रों के अनुसार, एसीबी को अब तक की छानबीन में कई दस्तावेज, लेन-देन से जुड़े कागजात और कुछ संदिग्ध संपत्ति विवरण प्राप्त हुए हैं, हालांकि एसीबी अधिकारियों ने अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। जांच अभी जारी है। इस कार्रवाई के बाद जिले के अन्य सरकारी विभागों में भी हड़कंप मचा हुआ है। कर्मचारियों में डर और चर्चा का माहौल है कि एसीबी की अगली कार्रवाई किस पर हो सकती है।



