“‘आपका मोबाइल फिर से आपके पास’ अभियान: गिरिडीह पुलिस ने 211 लोगों को लौटाए गुम और चोरी हुए मोबाइल” l
जिले की पुलिस की पहल "आपका मोबाइल फिर से आपके पास" के तहत सोमवार को न्यू पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय भवन में आयोजित कार्यक्रम में 211 लोगों को उनके गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन वापस सौंपे गए।

“‘आपका मोबाइल फिर से आपके पास’ अभियान: गिरिडीह पुलिस ने 211 लोगों को लौटाए गुम और चोरी हुए मोबाइल”
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : जिले की पुलिस की पहल “आपका मोबाइल फिर से आपके पास” के तहत सोमवार को न्यू पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय भवन में आयोजित कार्यक्रम में 211 लोगों को उनके गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन वापस सौंपे गए। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार मुख्य रूप से मौजूद रहे।

मोबाइल लौटाते हुए एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में मोबाइल केवल बातचीत का माध्यम नहीं, बल्कि पहचान, बैंकिंग, पढ़ाई, सुरक्षा और रोजमर्रा के कई जरूरी कार्यों का अहम हिस्सा बन चुका है। ऐसे में मोबाइल का गुम होना या चोरी हो जाना लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन जाता है।

उन्होंने बताया कि गिरिडीह पुलिस शिकायत मिलने के बाद आधुनिक तकनीक और उपलब्ध संसाधनों की मदद से मोबाइल का पता लगाकर उसे उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने का लगातार प्रयास करती है। एसपी ने जानकारी दी कि इससे पहले आयोजित ऐसे कार्यक्रमों में भी कुल 426 लोगों को उनके मोबाइल वापस किए जा चुके हैं।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे मोबाइल उपभोक्ताओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई लोगों ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण वे नया मोबाइल खरीदने में सक्षम नहीं थे, ऐसे में अपना पुराना मोबाइल वापस मिलना उनके लिए किसी राहत से कम नहीं है। लोगों ने गिरिडीह पुलिस और एसपी के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव, डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, सरिया एसडीपीओ धनंजय राम, खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार, नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सहित जिले के कई पुलिस पदाधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे।




