Breaking Newsखेलझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

आगरा ने गुना को 4 विकेट से हराया, बब्लू यादव बने मैन ऑफ द मैच आज चंडीगढ़ और नोएडा के बीच होगा मुकाबला

पाली खेल एवं मेला महोत्सव 2026: आगरा ने गुना को 4 विकेट से हराया, बब्लू यादव बने मैन ऑफ द मैच आज चंडीगढ़ और नोएडा के बीच होगा मुकाबला

पाली खेल एवं मेला महोत्सव 2026: आगरा ने गुना को 4 विकेट से हराया, बब्लू यादव बने मैन ऑफ द मैच
आज चंडीगढ़ और नोएडा के बीच होगा मुकाबला

पाली : पाली खेल एवं मेला महोत्सव 2026 के ग्यारहवें दिन क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे पूल का प्रथम मुकाबला आगरा एवं गुना के बीच खेला गया। इस मुकाबले में आगरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुना को चार विकेट से पराजित कर जीत अपने नाम की। मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी करने वाले बब्लू यादव को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

जानकारी के अनुसार गुना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुना की टीम निर्धारित 20 ओवर में 10 विकेट खोकर 124 रन ही बना सकी। गुना की ओर से शिवराज ने सर्वाधिक 20 रन बनाए। वहीं राहुल ने 17 रन तथा पारस कुमार ने 15 रन का योगदान दिया। अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में असफल रहे, जिससे टीम का स्कोर ज्यादा नहीं बढ़ सका।

आगरा की ओर से गेंदबाजी में राजशेखर और मयंक शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। इसके अलावा फैजान ने दो विकेट लेकर गुना की बल्लेबाजी को पूरी तरह दबाव में रखा।

125 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आगरा की टीम ने संयमित खेल दिखाते हुए 19 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। आगरा की ओर से बब्लू यादव ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में 58 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में 3 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। बब्लू यादव ने महत्वपूर्ण समय पर तेजी से रन बनाकर टीम को जीत की ओर अग्रसर किया।

इसके अलावा अनुरुद्ध ने 33 रन और हिमांशु ने 21 रन की उपयोगी पारी खेलकर टीम की जीत सुनिश्चित की। गुना की ओर से गेंदबाजी में दीनू ने 3 विकेट तथा बादल ने 2 विकेट लिए, लेकिन टीम लक्ष्य बचाने में सफल नहीं हो सकी।

मैच के बाद पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लेखपाल संघ जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव (लेखपाल) एवं अभिषेक रावत (लेखपाल) ने शानदार प्रदर्शन करने वाले बब्लू यादव को शील्ड और इनामी राशि प्रदान कर मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया।

मैच में अंपायर की भूमिका सुरेश सेन एवं राजू परिहार ने निभाई। वहीं स्कोरिंग का कार्य अरुण राजा एवं श्रीकांत विश्वकर्मा द्वारा किया गया। कमेंट्री प्रमोद प्रजापति, पुष्पेन्द्र सिंह ठाकुर एवं संजय राजा ने की।

कार्यक्रम अध्यक्ष मनीष कुमार तिवारी, घनश्याम दास चौरसिया (पार्षद) एवं अरविन्द कुमार चौरसिया (पार्षद प्रतिनिधि) ने सभी अतिथियों को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। आयोजन समिति ने सभी खेल प्रेमी दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

Related Articles

Back to top button