Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

अगस्त का वेतन नहीं मिला, 1350 शिक्षक-कर्मचारी परेशान! उपायुक्त और शिक्षा सचिव को भेजा ई-मेल

जिले के सरकारी उच्च विद्यालय एवं प्लस टू उच्च विद्यालयों में कार्यरत करीब 1350 TGT, PGT, लैब असिस्टेंट और लिपिकों को अगस्त माह का वेतन अब तक नहीं मिलने से शिक्षकों एवं कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

अगस्त का वेतन नहीं मिला, 1350 शिक्षक-कर्मचारी परेशान! उपायुक्त और शिक्षा सचिव को भेजा ई-मेल

गिरिडीह, मनोज कुमार।

गिरिडीह : जिले के सरकारी उच्च विद्यालय एवं प्लस टू उच्च विद्यालयों में कार्यरत करीब 1350 TGT, PGT, लैब असिस्टेंट और लिपिकों को अगस्त माह का वेतन अब तक नहीं मिलने से शिक्षकों एवं कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। वेतन भुगतान में लगातार हो रही देरी को लेकर शिक्षकों ने अब उपायुक्त रामनिवास यादव एवं शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह को ई-मेल भेजकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।

झारखंड प्लस टू शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष एवं झारोटेफ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने आरोप लगाया कि जिले के उच्च विद्यालय एवं प्लस टू उच्च विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों को पिछले करीब पांच महीनों से लगातार विलंब से वेतन का भुगतान किया जा रहा है। उनका कहना है कि हर महीने करीब 20 से 25 दिनों की देरी से वेतन मिलने के कारण कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

राजेंद्र प्रसाद के अनुसार, वेतन देर से मिलने के कारण बैंक ऋण की किस्त समय पर नहीं चुकाने पर अतिरिक्त आर्थिक दंड का सामना करना पड़ता है। वहीं, जीपीएफ में राशि जमा होने में देरी से ब्याज का भी नुकसान होने की बात कही गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आवंटन उपलब्ध रहने के बावजूद जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की लापरवाही के कारण वेतन भुगतान में देरी हो रही है। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी से कई बार अनुरोध किया गया, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

वहीं, झारखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला सचिव रविकांत चौधरी, संयुक्त सचिव नौशाद समा एवं उपाध्यक्ष सुदीप कुमार ने बताया कि संगठन की ओर से जिला शिक्षा पदाधिकारी से मिलकर समय पर वेतन भुगतान की मांग की गई थी। उस समय जल्द से जल्द ससमय भुगतान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया था,

लेकिन अगस्त माह का वेतन अब तक नहीं मिलने से शिक्षकों में रोष है।बताया गया कि राजेंद्र प्रसाद, सुदीप कुमार, ऋषिकांत सिन्हा सहित करीब 100 शिक्षकों ने ई-मेल के माध्यम से अपनी शिकायत अधिकारियों तक पहुंचाई है।
शिक्षक संगठनों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि वेतन भुगतान की व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ और समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया, तो संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा।

Related Articles

Back to top button