हजारीबाग में शराब दुकानों की औचक जांच, अधिक कीमत पर बिक्री पर होगी कार्रवाई
उपायुक्त ने कहा– शिकायतें मिलीं तो तुरंत होगी कड़ी कार्रवाई

हजारीबाग में शराब दुकानों की औचक जांच, अधिक कीमत पर बिक्री पर होगी कार्रवाई
उपायुक्त ने कहा– शिकायतें मिलीं तो तुरंत होगी कड़ी कार्रवाई
हजारीबाग: उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी वैद्यनाथ कामती ने सोमवार को हजारीबाग शहरी क्षेत्र की कई खुदरा शराब दुकानों का औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई उन शिकायतों के आधार पर की गई जिसमें दुकानदारों द्वारा प्रिंट रेट से अधिक मूल्य पर शराब बेचने की बात सामने आई थी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों की बिक्री रसीदों की जांच की और ग्राहकों से मूल्य को लेकर फीडबैक भी लिया। उपायुक्त ने सभी अनुज्ञप्तिधारी खुदरा विक्रेताओं को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर शराब बेचे जाने की पुष्टि होती है, तो उनके खिलाफ कड़ी प्रवर्तनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जांच अभियान के तहत बस स्टैंड, झिंझरिया पुल, मटवारी और हीराबाग अटल चौक स्थित दुकानों में विशेष रूप से निगरानी की गई। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि उपभोक्ताओं के अधिकारों के साथ किसी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



