हजारीबाग चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित ए के इंटरनेशनल होटल पर ताबड़तोड़ फायरिंग
चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित ए के इंटरनेशनल होटल पर गुरुवार की रात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी

हजारीबाग चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित ए के इंटरनेशनल होटल पर ताबड़तोड़ फायरिंग
कुख्यात अपराधी राहुल दुबे ने इस हमले की जिम्मेदारी ली
हजारीबाग : चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित ए के इंटरनेशनल होटल पर गुरुवार की रात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी. देर रात हुई इस घटना में अज्ञात हमलावरों द्वारा 8 से 10 राउंड गोलियां चलाई गईं हैं. इस वारदात के कुछ ही देर बाद कुख्यात गैंगस्टर राहुल दुबे ने सोशल मीडिया पर एक कथित प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस हमले की जिम्मेदारी ली है और व्यवसायी को खुलेआम जान से मारने की धमकी दी है.

जारी किए गए पत्र में राहुल दुबे, अमन साहू, मयंक सिंह और प्रकाश शुक्ला के नामों का उल्लेख है। पत्र के माध्यम से अपराधियों ने व्यवसायी अभय सिंह को सीधे तौर पर निशाना बनाते हुए चेतावनी दी है,कि जब तक वे उनके सिस्टम में शामिल नहीं होते तब तक उन पर इसी तरह के हमले जारी रहेंगे.
अपराधियों ने बेहद कड़े और खौफनाक शब्दों में धमकी देते हुए कहा है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो वे व्यवसायी के होटलों, रिसॉर्ट्स, मैनेजर और कर्मचारियों को सीधे गोली मार देंगे. इसके अलावा, अपराधियों ने व्यवसायी के पेट्रोल पंप को बम से उड़ाने, उनका पूरा कारोबार ठप करने और परिवार के सदस्यों को भी निशाना बनाने की धमकी दी है. इस दुस्साहसिक वारदात और खुलेआम दी गई धमकी के बाद से स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्र के निवासियों में भारी भय का माहौल है. घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. राहुल दुबे गैंग की हजारीबाग में पिछले 24 घंटों में यह दूसरी वारदात है. इससे पहले हजारीबाग के केरेडारी में ऋत्विक कंपनी के कार्यालय पर भी बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी.




