स्टेट बार काउंसिल चुनाव को लेकर गिरिडीह में अधिवक्ताओं में उत्साह, 900 से अधिक वकीलों ने किया मतदान
झारखंड स्टेट बार काउंसिल के चुनाव को लेकर गुरुवार को गिरिडीह के अधिवक्ताओं में भी खासा उत्साह देखा गया। जिला अधिवक्ता संघ भवन में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से मतदान कराया गया

स्टेट बार काउंसिल चुनाव को लेकर गिरिडीह में अधिवक्ताओं में उत्साह, 900 से अधिक वकीलों ने किया मतदान
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : झारखंड स्टेट बार काउंसिल के चुनाव को लेकर गुरुवार को गिरिडीह के अधिवक्ताओं में भी खासा उत्साह देखा गया। जिला अधिवक्ता संघ भवन में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से मतदान कराया गया, जिसमें जिले के करीब 900 से अधिक अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

गिरिडीह में चुनाव की पूरी प्रक्रिया रिटर्निंग ऑफिसर और अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रकाश सहाय की देखरेख में संपन्न हो रही है। मतदान केंद्र पर सुरक्षा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए पूरी प्रक्रिया पर कैमरे से भी नजर रखी जा रही है।

बताया जाता है कि झारखंड स्टेट बार काउंसिल के 25 पदों के लिए कुल 100 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। राज्य के विभिन्न जिलों के साथ-साथ रांची में भी मतदान कराया जा रहा है।

इस चुनाव में गिरिडीह से अधिवक्ता संघ के महासचिव चुन्नूकांत, पूर्व स्टेट बार काउंसिल सदस्य परमेश्वर मंडल, मीरा कुमारी और श्याम सुंदर चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

मतदान प्रक्रिया को लेकर संघ के अध्यक्ष प्रकाश सहाय ने बताया कि सुबह 10 बजे से मतदान शुरू हो चुका है, जो शाम 5 बजे तक जारी रहेगा। मतदान संपन्न होने के बाद रांची से आए रिटर्निंग ऑफिसर और प्रत्याशियों की मौजूदगी में बैलेट बॉक्स को सीलबंद कर रांची भेजा जाएगा।
वहीं अधिवक्ता संघ के महासचिव और चुनाव के प्रत्याशी चुन्नूकांत ने कहा कि चुनाव को लेकर अधिवक्ता मतदाताओं में काफी उत्साह है और सभी अधिवक्ता सक्रियता के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न होगा।



