सुदीब्य कुमार सोनू को अंतिम विदाई देने पहुंचे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन ने नम आंखों से दी श्रद्धांजलि
झारखंड के मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदीब्य कुमार सोनू के निधन से पूरे राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर है।

सुदीब्य कुमार सोनू को अंतिम विदाई देने पहुंचे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन ने नम आंखों से दी श्रद्धांजलि
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : झारखंड के मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदीब्य कुमार सोनू के निधन से पूरे राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर है। अपने साथी और जुझारू जनप्रतिनिधि के निधन की खबर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी भावुक नजर आए।

सुदीब्य कुमार सोनू के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि देने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहुंचे। उनके साथ गांडेय विधायक एवं उनकी पत्नी कल्पना मुर्मू सोरेन भी मौजूद रहीं। दोनों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।

इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सुदीब्य कुमार सोनू का निधन झारखंड की राजनीति और पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने लंबे समय तक जनता के बीच रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया और संगठन तथा सरकार के कामकाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वहीं, कल्पना मुर्मू सोरेन ने भी सुदीब्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि उनके निधन से एक समर्पित साथी और जनसेवक को खो दिया गया है। उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
सुदीब्य कुमार सोनू के अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में नेता, कार्यकर्ता और आम लोग पहुंच रहे हैं। हर चेहरे पर गम और आंखों में नमी है।
गिरिडीह की सियासत में अपनी अलग पहचान बनाने वाले सुदीब्य कुमार सोनू को आज हर कोई नम आंखों से अंतिम विदाई दे रहा है।



