सुदिव्य सोनू के निधन से झारखंड ने खोया कर्मठ जनप्रतिनिधि : आदित्य साहू
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू रविवार को गिरिडीह पहुंचे। उन्होंने दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

सुदिव्य सोनू के निधन से झारखंड ने खोया कर्मठ जनप्रतिनिधि : आदित्य साहू
परिजनों से मिले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, कहा—दुःख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ी है भाजपा
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू रविवार को गिरिडीह पहुंचे। उन्होंने दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। आदित्य साहू ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दुःख की इस कठिन घड़ी में भाजपा परिवार के साथ खड़ी है और परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति मिले, यही उनकी कामना है।

मीडिया से बातचीत करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू एक ऊर्जावान, सक्रिय और लोगों से जुड़े हुए जनप्रतिनिधि थे। सार्वजनिक जीवन में उनकी सक्रियता और आम लोगों के बीच उनकी पकड़ उनकी खास पहचान थी। कम उम्र में उनका निधन राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने कहा कि सुदिव्य सोनू के निधन से झारखंड ने एक कर्मठ जनप्रतिनिधि को खो दिया है। जनहित के लिए उनके कार्य और लोगों के बीच उनकी सक्रियता को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
इस दौरान जमुआ विधायक मंजू कुमारी, भाजपा महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय, ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा, महादेव दुबे, चुन्नू कांत, दिलीप वर्मा, सुरेश साव, दिनेश यादव, मुकेश जालान, विनय सिंह, प्रोफेसर विनीता कुमारी, मनोज शंघाई, मिथुन चंद्रवंशी, संजीव सिंह गुड्डू समेत भाजपा के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




