सिहोडीह में पिकअप वैन और बाइक की आमने-सामने टक्कर, युवक की मौत, दूसरा गंभीर
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गिरिडीह-बेंगाबाद मुख्य मार्ग पर सिहोडीह चंद्रवंशी नगर के समीप शनिवार को मालवाहक पिकअप वैन और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

सिहोडीह में पिकअप वैन और बाइक की आमने-सामने टक्कर, युवक की मौत, दूसरा गंभीर
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गिरिडीह-बेंगाबाद मुख्य मार्ग पर सिहोडीह चंद्रवंशी नगर के समीप शनिवार को मालवाहक पिकअप वैन और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया।

मृतक की पहचान जमुआ प्रखंड के हीरोडीह थाना क्षेत्र के चुंगलखोर निवासी 24 वर्षीय विकास यादव के रूप में हुई है। वहीं घायल की पहचान सरिया निवासी शशिकांत वर्मा के रूप में बताई जा रही है।

बताया गया कि बाइक पर सवार होकर दोनों युवक गिरिडीह की ओर आ रहे थे। इसी दौरान गिरिडीह से बेंगाबाद की ओर जा रही मालवाहक पिकअप वैन से सिहोडीह चंद्रवंशी नगर के पास बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने विकास यादव को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं शशिकांत वर्मा का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे वार्ड में भर्ती किया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण बाद में रेफर कर दिया गया। उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को कब्जे में ले लिया। घटना के बाद पिकअप वैन का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

