सिंदूर खेला के साथ मां काली को दी गई भावुक विदाई, ढाक की थाप और जयकारों से गूंजा बांग्ला स्कूल परिसर
गिरिडीह शहर के मकतपुर स्थित बांग्ला स्कूल परिसर में आयोजित काली पूजा का मंगलवार की शाम श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उल्लास के बीच समापन हुआ।

सिंदूर खेला के साथ मां काली को दी गई भावुक विदाई, ढाक की थाप और जयकारों से गूंजा बांग्ला स्कूल परिसर
गिरिडीह : मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह शहर के मकतपुर स्थित बांग्ला स्कूल परिसर में आयोजित काली पूजा का मंगलवार की शाम श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उल्लास के बीच समापन हुआ। इस मौके पर बंगाली समुदाय की महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार सिंदूर खेला की रस्म निभाई और मां काली को भावुक विदाई दी।

सिंदूर खेला के दौरान पूजा परिसर का नजारा देखते ही बन रहा था। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने सबसे पहले मां काली की प्रतिमा के समक्ष विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सुख, समृद्धि, खुशहाली और अखंड सौभाग्य की कामना की। महिलाओं के चेहरे पर उत्साह और मां को विदा करने की भावुकता दोनों साफ झलक रही थी।

वहीं, सिंदूर खेला की रस्म संपन्न होने के बाद मां काली की प्रतिमा को विसर्जन के लिए रवाना किया गया। विसर्जन यात्रा में ढाक की गूंजती थाप और मां काली के जयकारों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु नाचते-गाते और जयकारे लगाते हुए मां को विदाई देने निकले। इस दौरान भक्तों की आंखें नम थीं और जुबां पर अगले वर्ष मां के पुनः आगमन की प्रार्थना थी।

इस तरह बांग्ला स्कूल परिसर में पारंपरिक रीति-रिवाज, आस्था, भक्ति और भावनाओं के अनूठे संगम के साथ काली पूजा का समापन हुआ।



