संविधान गौरव दिवस पर सुरेश साव का हेमंत सरकार पर हमला, बोले- दलित समाज के युवाओं का हो रहा सबसे ज्यादा शोषण
गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के मध्य मंडल अंतर्गत अकदोनीकला और पूर्वी मंडल के रविदास टोला माथाडीह में गुरुवार को दलित समाज के युवाओं द्वारा संविधान गौरव दिवस धूमधाम से मनाया गया।

संविधान गौरव दिवस पर सुरेश साव का हेमंत सरकार पर हमला, बोले- दलित समाज के युवाओं का हो रहा सबसे ज्यादा शोषण
अकदोनीकला और माथाडीह में धूमधाम से मना संविधान गौरव दिवस, बाबा साहेब को माल्यार्पण कर दी गई श्रद्धांजलि
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के मध्य मंडल अंतर्गत अकदोनीकला और पूर्वी मंडल के रविदास टोला माथाडीह में गुरुवार को दलित समाज के युवाओं द्वारा संविधान गौरव दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता सुरेश साव शामिल हुए। इस दौरान बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता सुरेश साव ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को उनके जीवनकाल में ही नहीं, बल्कि महापरिनिर्वाण के बाद भी राजनीतिक और सामाजिक रूप से अपमानित करने का प्रयास किया गया। उनके विचारों और संविधान की मूल भावना को आहत करने की कोशिशें भी होती रहीं। लेकिन आज देश का युवा उनके असली जनविरोधी चेहरे को पहचान चुका है।

उन्होंने कहा कि बाबा साहेब की विरासत का सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि उनके विचारों को राष्ट्रीय गौरव और जन-जन की प्रेरणा बनाने से होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा बाबा साहेब से जुड़े पंचतीर्थों का विकास और संविधान दिवस की शुरुआत उनके प्रति सच्चे सम्मान का प्रमाण है। बाबा साहेब के गौरव और सम्मान को बढ़ाने का यह संकल्प आगे भी जारी रहेगा।

वहीं, झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए सुरेश साव ने कहा कि वर्तमान सरकार जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। आज सबसे अधिक शोषण दलित समाज के युवाओं का हो रहा है। शहर से सटे गांव होने के बावजूद अकदोनीकला और माथाडीह जैसे इलाकों में न तो समुचित लाइट की व्यवस्था है और न ही आवागमन के लिए बेहतर रास्ते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में हर तरफ लूट-खसोट का माहौल है और सरकार को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।
उन्होंने ग्रामीणों से भाजपा का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि जनता इस बार भाजपा का साथ देती है तो क्षेत्र में विकास की नई गाथा लिखने का प्रयास किया जाएगा। भाजपा सभी समाज और वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है।
कार्यक्रम में प्रदीप राणा, इनोद साव, राजेश गुप्ता, प्रदीप राय, लवली देवी, कामदेव दास, सोमर दास, मनोज तुरी, कामेश्वर दास, रेवा दास, चंदन दास, बीरेन्द्र राय, बिरजू दास, डब्लू दास, कैलश दास, संजय दास, देव दाख, अकाश तुरी, गोविन्द दास, रामचन्द्र दास, राहुल कुमार, विशाल कुमार, नरेश दास, चतुर दास, डेगन दास, मोती दास, संतोष दास, छोटीलाल तुरी, छुटर दास, बासदेव दास, कृष्णा और दिलीप दास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




