विकास योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता और समयबद्धता पर उपायुक्त सख्त
जिले में संचालित विकास योजनाओं को गति देने और आमजनों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने समाहरणालय सभागार में तकनीकी पदाधिकारियों एवं विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक की।

विकास योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता और समयबद्धता पर उपायुक्त सख्त
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह, 19 अगस्त 2026। जिले में संचालित विकास योजनाओं को गति देने और आमजनों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने समाहरणालय सभागार में तकनीकी पदाधिकारियों एवं विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में विद्युत, पेयजल एवं स्वच्छता, ग्रामीण कार्य, लघु सिंचाई, भवन, NREP, पथ प्रमंडल, भूमि संरक्षण समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की विभागवार और योजनावार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों से पूर्ण एवं लंबित योजनाओं की प्रगति, कार्य में आ रही बाधाओं और उनके समाधान की जानकारी ली।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अधूरे और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का सीधा संबंध आम जनता की सुविधा और जिले के समग्र विकास से है। ऐसे में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सड़क, भवन, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई समेत सभी निर्माण कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। साथ ही तकनीकी पदाधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट और स्थल निरीक्षण कर योजनाओं की वास्तविक प्रगति की निगरानी करने को कहा।

लंबित योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश उपायुक्त ने धीमी गति से चल रही और लंबे समय से लंबित योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसियों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि तकनीकी या प्रशासनिक बाधा होने पर इसकी जानकारी तत्काल जिला प्रशासन को दी जाए, ताकि समस्या का त्वरित समाधान किया जा सके।
विद्युत तारों को व्यवस्थित करने पर जोरसमीक्षा के दौरान विद्युत प्रमंडल उत्तरी एवं दक्षिणी के अधिकारियों को विभिन्न क्षेत्रों में अव्यवस्थित एवं लटक रहे विद्युत तारों को सुव्यवस्थित कराने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने नियमित निरीक्षण और सुरक्षा मानकों के अनुपालन पर भी जोर दिया।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने सभी विभागों और कार्यकारी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्तापूर्ण कार्य और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। अनावश्यक विलंब, लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार पदाधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला योजना पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।


