लगातार बारिश से PDS दुकान में घुटने भर पानी, गरीबों के बीच वितरण होने वाला 25 क्विंटल अनाज खराब
लगातार हो रही बारिश के कारण नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 स्थित सिहोडीह पटेलनगर में जनवितरण प्रणाली की दुकान में घुटने भर पानी घुस गया।

लगातार बारिश से PDS दुकान में घुटने भर पानी, गरीबों के बीच वितरण होने वाला 25 क्विंटल अनाज खराब
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : लगातार हो रही बारिश के कारण नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 11 स्थित सिहोडीह पटेलनगर में जनवितरण प्रणाली की दुकान में घुटने भर पानी घुस गया। पानी भरने से दुकान में गरीब लाभुकों के बीच वितरण के लिए रखा करीब 25 क्विंटल अनाज पूरी तरह खराब हो गया।

जनवितरण प्रणाली दुकानदार राजेश राम ने बताया कि लगातार बारिश के कारण दुकान में पानी घुस गया, जिससे वहां रखा पूरा अनाज पानी में डूब गया। उन्होंने कहा कि यह अनाज गरीब लाभुकों के बीच वितरण किया जाना था, लेकिन जलजमाव के कारण पूरा अनाज खराब हो गया।

राजेश राम ने बताया कि घटना की जानकारी स्थानीय वार्ड पार्षद, नगर निगम की मेयर और जनवितरण प्रणाली संघ के अध्यक्ष को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल दुकान में पानी जमा होने के कारण नुकसान का सही आकलन नहीं हो पाया है।

उन्होंने बताया कि पानी पूरी तरह निकलने के बाद खराब हुए अनाज का आकलन किया जाएगा, जिसके बाद नुकसान की वास्तविक राशि का पता चल सकेगा। लगातार जलजमाव के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ अब जनवितरण प्रणाली दुकानदार को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है।




