राजधनवार सीएचसी में दवाओं का भरपूर स्टॉक, स्वास्थ्य सेवाओं को किया जा रहा सुदृढ़ : उपायुक्त रामनिवास यादव l
गिरिडीह जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है।

राजधनवार सीएचसी में दवाओं का भरपूर स्टॉक, स्वास्थ्य सेवाओं को किया जा रहा सुदृढ़ : उपायुक्त रामनिवास यादव l
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजधनवार में विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और सामान्य चिकित्सा सेवाओं के लिए आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा सामग्रियों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध कराया गया है। इससे मरीजों को समय पर उपचार और आवश्यक दवाएं मिल रही हैं।

सीएचसी राजधनवार में बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत एल्बेंडाजोल, आयरन-फोलिक एसिड सिरप और विटामिन-ए जैसी दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। वहीं मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत कैल्शियम, फोलिक एसिड तथा आईएफए रेड टैबलेट का भी बड़ा स्टॉक रखा गया है, जिससे गर्भवती महिलाओं को आवश्यक पोषण और स्वास्थ्य सहायता मिल सके।
नि:शुल्क औषधि योजना के तहत दर्द, पेट एवं अन्य सामान्य बीमारियों के उपचार में उपयोगी दवाओं का पर्याप्त भंडारण किया गया है। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत एंटीबायोटिक, एंटी-स्नेक वेनम, पैरासिटामोल, ऑक्सीटोसिन, हाइड्रोकार्टिसोन सहित कई आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं।
एनपीसीडीसीएस कार्यक्रम के तहत उच्च रक्तचाप के मरीजों के लिए एम्लोडिपिन और हाइड्रोक्लोरोथियाजाइड जैसी दवाएं उपलब्ध हैं। वहीं किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम आरकेएसके के तहत आयरन एवं फोलिक एसिड ब्लू टैबलेट का भी पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

दवाओं के साथ-साथ अस्पताल में बैंडेज, ब्लड लैंसेट, ग्लव्स, बीपी मशीन, आईवी सेट, यूरिन बैग, थर्मामीटर और वजन मशीन जैसी आवश्यक चिकित्सा सामग्रियां भी उपलब्ध हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न हो।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि
“जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए नियमित निगरानी की जा रही है। हमारा उद्देश्य है कि आमजन को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं मिलें। दवा भंडारण और वितरण व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है ताकि किसी भी मरीज को दवा के अभाव का सामना न करना पड़े।”
जिला प्रशासन का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सा सुविधाओं की नियमित मॉनिटरिंग जारी रहेगी, ताकि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल सके।



