योग से जुड़ता समाज, बढ़ता सामर्थ्य : भाजपा ने पूरे बिहार में मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस l
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भाजपा, बिहार प्रदेश द्वारा प्रदेश कार्यालय सहित राज्य के सभी जिला एवं मंडल स्तरों पर व्यापक योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

योग से जुड़ता समाज, बढ़ता सामर्थ्य : भाजपा ने पूरे बिहार में मनाया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
भाजपा प्रदेश कार्यालय से लेकर मंडल स्तर तक गूंजा योग का संदेश, हजारों कार्यकर्ताओं ने किया योगाभ्यास
योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लिया स्वस्थ जीवन का प्रण
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बिहारभर में आयोजित हुए योग शिविर, भाजपा जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की रही व्यापक भागीदारी
बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर लोगों को दी स्वस्थ और संतुलित जीवन की शुभकामनाएँ
योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला : संजय सरावगी
पटना : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भाजपा, बिहार प्रदेश द्वारा प्रदेश कार्यालय सहित राज्य के सभी जिला एवं मंडल स्तरों पर व्यापक योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय में भाजपा के संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया के अलावा सांसदों, विधायकों, प्रदेश पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली का संदेश दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने योगाभ्यास के साथ यह संकल्प भी लिया कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाया जाएगा। सभी ने स्वयं योग से जुड़ने, अपने परिवारों को इसके लिए प्रेरित करने तथा समाज में स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मकता का संदेश फैलाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर भीखूभाई दलसानिया ने कहा कि योग भारत की अमूल्य धरोहर है, जिसे पूरी दुनिया ने अपनाया है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा को संतुलित करने का एक प्रभावी माध्यम है।

इस मौके वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग वैश्विक स्तर पर भारत की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। योग हमारी प्राचीन विरासत ही नहीं, बल्कि स्वस्थ, समर्थ और आत्मनिर्भर समाज के निर्माण का सशक्त आधार भी है।
प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सांसदों, विधायकों, विधान पार्षदों, प्रदेश पदाधिकारियों, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।
इस बीच, बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर लोगों को स्वस्थ और संतुलित जीवन की शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। यह शरीर, मन और आत्मा को संतुलित कर व्यक्ति को अधिक सक्षम और जागरूक बनाता है। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन को संतुलित, समरस और जागरूक बनाने वाली दिव्य साधना है।
भाजपा द्वारा राज्य के सभी जिलों एवं मंडलों में भी योग दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला एवं मंडल स्तर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इसके अतिरिक्त राज्य के विभिन्न शहरों, कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों के पार्कों, खेल मैदानों एवं अन्य खुले स्थानों पर भी योग शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में भाजपा के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों, प्रशासनिक अधिकारियों, योग प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया।
योग के प्रति लोगों के उत्साह ने यह स्पष्ट किया कि आज योग केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि जन-आंदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुका है।





