बारिश भी नहीं रोक सकी मतदाता सूची महाअभियान, डीसी रामनिवास यादव खुद पहुंचे बूथों पर, घर-घर चल रहे SIR कार्यों की ली जानकारी l
झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-2026) अभियान को सफल बनाने के लिए गिरिडीह जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।

बारिश भी नहीं रोक सकी मतदाता सूची महाअभियान, डीसी रामनिवास यादव खुद पहुंचे बूथों पर, घर-घर चल रहे SIR कार्यों की ली जानकारी l
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह, 2 जुलाई: झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-2026) अभियान को सफल बनाने के लिए गिरिडीह जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। गुरुवार सुबह लगातार हो रही बारिश के बीच जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव स्वयं मैदान में उतरे और गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों, बूथ संख्या 18 और 19 सहित कई क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र (Enumeration Form) के वितरण, प्रपत्रों के संग्रहण, दस्तावेजों के सत्यापन और डिजिटाइजेशन कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर और वॉलिंटियर्स से अभियान की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा की।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। ऐसे में किसी भी पात्र मतदाता को इस अभियान से वंचित नहीं रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर सभी पात्र मतदाताओं का गणना प्रपत्र भरवाना सुनिश्चित किया जाए तथा सभी प्राप्त प्रपत्रों का समयबद्ध और त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान की नियमित निगरानी करें, क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान करें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करें। उपायुक्त ने कहा कि यह अभियान केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है।

जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों और प्रखंडों में निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (AERO) तथा प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारी भी लगातार क्षेत्र भ्रमण कर रहे हैं। वे गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण, दस्तावेज सत्यापन और डिजिटाइजेशन कार्यों की निगरानी करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
जिला प्रशासन ने कहा है कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और समावेशी बनाया जा सके।



