पचंबा में नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला गरमाया! भाजपा का पुलिस पर दबाव, आरोपी पक्ष पर धमकी और मारपीट के आरोप
गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र में नाबालिग से कथित छेड़छाड़ का मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मामले को लेकर भाजपा ने पुलिस प्रशासन से आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पचंबा में नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला गरमाया! भाजपा का पुलिस पर दबाव, आरोपी पक्ष पर धमकी और मारपीट के आरोप
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र में नाबालिग से कथित छेड़छाड़ का मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मामले को लेकर भाजपा ने पुलिस प्रशासन से आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि नाबालिग से छेड़छाड़ की शिकायत के बाद भी पीड़िता और उसके परिजनों पर कथित रूप से दबाव बनाने का प्रयास किया गया। भाजपा का दावा है कि थाना परिसर में ही पीड़िता को आरोपी युवक और उसके परिजनों की ओर से डराने-धमकाने की कोशिश की गई।

मामले को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार राय ने कहा कि नाबालिग बच्ची के साथ लगातार छेड़छाड़ किए जाने की शिकायत सामने आई थी। इसी को लेकर भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग पीड़ित परिवार के समर्थन में पहुंचे थे।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर मारपीट की गई, जिसमें भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के अलावा वार्ड पार्षद संजीव सिंह गुड्डू समेत कई लोग घायल हुए हैं।

भाजपा ने मांग की है कि नाबालिग से कथित छेड़छाड़ के आरोपी युवक के साथ-साथ पीड़िता के परिवार को कथित रूप से धमकाने वालों पर भी कार्रवाई की जाए। वहीं, मारपीट की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग भी की गई है।
सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव और संजीव सिंह गुड्डू ने कहा कि उनका उद्देश्य विवाद को बढ़ाना नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना था।
फिलहाल भाजपा ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़िता व उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि इस मामले में पुलिस जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और आरोपों पर क्या कार्रवाई होती है। वही मौके पर मुकेश जालान, नवीन सिन्हा, हरमिंदर सिंह बग्गा, सिकंदर हेंब्रम, विवेक कुमार गुप्ता, सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।


