Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़शिक्षा

नवोदय विद्यालय गांडेय का उपायुक्त रामनिवास यादव ने किया निरीक्षण, शिक्षा से लेकर आवासीय सुविधाओं का लिया जायजा

उपायुक्त रामनिवास यादव ने शनिवार को गांडेय प्रखंड स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय का निरीक्षण किया।

नवोदय विद्यालय गांडेय का उपायुक्त रामनिवास यादव ने किया निरीक्षण, शिक्षा से लेकर आवासीय सुविधाओं का लिया जायजा

गिरिडीह, मनोज कुमार।

गिरिडीह : उपायुक्त रामनिवास यादव ने शनिवार को गांडेय प्रखंड स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, भोजन, पेयजल, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय की कक्षाओं का भ्रमण कर विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, पाठ्यक्रम की प्रगति और आगामी परीक्षाओं की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं तथा पढ़ाई के दौरान आने वाली समस्याओं के बारे में भी पूछा। शिक्षकों से भी उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों और विद्यार्थियों के प्रदर्शन की जानकारी ली।

उपायुक्त ने छात्रावास का निरीक्षण करते हुए कमरों की स्थिति, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक आवासीय वातावरण उपलब्ध कराया जाए। छात्रावास एवं विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।

इसके अलावा उपायुक्त ने विद्यालय के किचेन शेड और भोजन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों की जानकारी ली। संबंधित कर्मियों को भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, आधारभूत संरचना के साथ उपस्थिति पंजी, सामग्री पंजी एवं अन्य अभिलेखों की भी जांच की।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर आवासीय सुविधा, पौष्टिक भोजन, स्वच्छ वातावरण और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उनकी शिक्षा के साथ स्वास्थ्य, स्वच्छता, अनुशासन तथा मानसिक एवं बौद्धिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यार्थियों की किसी भी समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए उसका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही विद्यालय की व्यवस्थाओं का नियमित अनुश्रवण करते हुए बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करें।
मौके पर सहायक समाहर्ता यश कुमार सहित विद्यालय प्रबंधन एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button