Breaking Newsदेशहेल्थ

देश में लगातार बढ़ता जा रहा कोरोना का कहर ,

पिछले 24 घंटे में सामने आए 2 लाख 67 हजार 331 नए कोरोना संक्रमित

देश में शुक्रवार को 2 लाख 67 हजार 331 नए कोरोना संक्रमित मिले। 1 लाख 22 हजार 311 लोग ठीक हुए जबकि 398 लोगों की मौत हुई। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 1 लाख 44 हजार 662 की बढ़ोतरी दर्ज की गई। फिलहाल देश में 14.10 लाख एक्टिव केस हैं। तीसरी लहर में एक्टिव केस पहली बार 14 लाख के पार पहुंचा है।

वहीं, नए संक्रमितों में महज 3 हजार की बढ़ोतरी देखने को मिली है। इससे पहले गुरुवार को 2.64 लाख लोग संक्रमित मिले थे। देश में अब तक कुल 3.68 करोड़ लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं, जिनमें से 3.49 करोड़ लोग रिकवर हो चुके हैं। अब तक 4,85,748 लोगों की मौत हो चुकी है। कुल एक्टिव केस ने 31 दिसंबर को 1 लाख और 8 जनवरी को 5 लाख का आंकड़ा छुआ था। इस लिहाज से केवल 15 दिन में कुल एक्टिव केस 14 गुना हो गए हैं।

इस बीच, कोरोना के इलाज की दवा मोलनुपिराविर की बिक्री और इस्तेमाल पर ओडिशा सरकार के ड्रग्स रेगुलेटर ने रोक लगा दी है। राज्य सरकार के नियामक ने कहा है कि जब तक यह पूरी तरह साबित न हो जाए कि दवा पुरी तरह सुरक्षित है, इसके इस्तेमाल और बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगानी चाहिए।

वहीं, सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन का कहना है कि किसी भी नई दवा की सुरक्षा-प्रभाव जांचने और दवा के इस्तेमाल की अनुमति देने का काम केंद्र का है। ओडिशा सरकार की एक टेक्निकल कमेटी ने दवा पर रोक की सिफारिश की थी, जिसके बाद यह रोक लगाई गई है।देश में अब तक ओमिक्रॉन के 6,041 मामलों की पुष्टि हुई है। वहीं, पॉजिटिविटी रेट 16.66% दर्ज की गई।दिल्ली में 24,330 केस मिले, पॉजिटिविटी रेट 30% हुआ। प्रदेश में वीकेंड कर्फ्यू शुरू, गैरजरूरी चीजों की सप्लाई सोमवार तक रोकी गई। एक्सपर्ट्स ने कहा- कोविड के माइल्ड सिम्पटम्स में पैरासिटामॉल बढ़िया और पर्याप्त कारगर

5 सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों के हाल
1. महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 43,211 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 33,356 लोग डिस्चार्ज हुए और 19 लोगों की मौत हुई। राज्य में कुल एक्टिव केस बढ़कर 2.61 लाख हो गए हैं। अब तक राज्य में 71.24 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 67.17 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1,41,756 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में पॉजिटिविटी रेट 21% है।

2.कर्नाटक
यहां शुक्रवार को 28,723.लोग संक्रमित पाए गए, जबकि 3105 लोग ठीक हुए और 8 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 31.53 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 29.73 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 38,411 लोगों की मौत हो गई। यहां भी एक्टिव केस की संख्या 1 लाख से ज्यादा हो गई है। अब यहां 1,41,337 मरीजों का इलाज चल रहा है। यहां पॉजिटिविटी रेट करीब 13% हो गया है।

3.दिल्ली
दिल्ली में शुक्रवार को 24,383 नए कोरोना केस मिले हैं। यह 8 महीने बाद राज्य में एक दिन में नए संक्रमितों की सबसे ज्यादा संख्या है। राजधानी में पॉजिटिविटी रेट भी बढ़कर 30% पर पहुंच गया है। इसका मतलब है कि अब हर तीन टेस्ट पर एक मरीज संक्रमित मिल रहा है।

राजधानी में पिछले 24 घंटे के दौरान 34 लोगों की मौत हो गईं है। हालांकि 26,236 मरीज ठीक हो गए हैं। राजधानी में अब कुल एक्टिव केस 92,273 हो गए हैं। कुल संक्रमितों की संख्या 16.70 लाख हो गई है, जिनमें से 15.53 लाख लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक राजधानी में 25,305 लोगों की मौत हो चुकी है।

4. तमिलनाडु
यहां शुक्रवार को 24 घंटे के दौरान 23,459 नए मामले सामने आए, जबकि 9026 मरीज ठीक हुए और 26 लोगों की मौत हुई। अब तक राज्य में 28.91 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 27.36 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 36,956 लोगों की मौत हो गई। यहां कुल एक्टिव केस 1,18,017 हैं। तमिलनाडु में पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 15% हो गया है। इसे पहले गुरुवार को यहां पॉजिटिविटी रेट 13% थी।

5. पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को 22,645 नए केस मिले हैं। बंगाल में इस दौरान 8687 मरीज ठीक हुए हैं, जबकि 28 लोगों की मौत हो गई है। यहां पॉजिटिविटी रेट 31% है। राज्य में अब तक कुल 18.63 लाख केस मिले हैं, जबकि 16.98 लाख लोग रिकवर हो चुके हैं। राज्य में कोरोना से अब तक कुल 20,013 लोगों की मौत हो चुकी है। बंगाल में अब कुल एक्टिव केस 1 लाख 45 हजार 483 हैं।

Related Articles

Back to top button