Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

गुरुकुल के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, दोषी नगर निगम पदाधिकारी गुरुकुल पहुंचकर मांगें माफी : सांसद

आर्ष कन्या गुरुकुल के सम्मान को ठेस पहुंचाने और श्री सूर्य षष्ठी छठ पूजा फल वितरण समिति का बैनर फाड़ने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। इस मामले को लेकर गुरुवार को हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने आर्ष कन्या गुरुकुल सभागार में प्रेस-वार्ता कर नगर निगम के पदाधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई।

गुरुकुल के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, दोषी नगर निगम पदाधिकारी गुरुकुल पहुंचकर मांगें माफी : सांसद

छठ पूजा फल वितरण समिति का बैनर फाड़ने और आचार्य के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला गरमाया, सांसद मनीष जायसवाल ने नगर आयुक्त को दी दो टूक चेतावनी

नगर निगम की कार्यशैली पर उठाए सवाल, दोषी पदाधिकारी पर कार्रवाई और गुरुकुल की बेटियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग

हजारीबाग : आर्ष कन्या गुरुकुल के सम्मान को ठेस पहुंचाने और श्री सूर्य षष्ठी छठ पूजा फल वितरण समिति का बैनर फाड़ने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। इस मामले को लेकर गुरुवार को हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने आर्ष कन्या गुरुकुल सभागार में प्रेस-वार्ता कर नगर निगम के पदाधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम को दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी सामाजिक, धार्मिक अथवा शैक्षणिक संस्था के सम्मान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि यदि नगर निगम को किसी बैनर से आपत्ति थी तो संबंधित समिति को सूचना देकर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती थी, लेकिन बैनर फाड़ना और उसके बाद गुरुकुल के आचार्य के साथ कथित दुर्व्यवहार करना किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है। पदाधिकारियों को अपने पद की गरिमा, मर्यादा और जिम्मेदारियों का ध्यान रखना चाहिए। प्रशासनिक अधिकार का इस्तेमाल जनता की समस्याओं के समाधान के लिए होना चाहिए, न कि सामाजिक संस्थाओं को भयभीत करने के लिए।

सांसद मनीष जायसवाल ने नगर आयुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पदाधिकारी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही संबंधित पदाधिकारी को स्वयं गुरुकुल पहुंचकर आचार्य कौटिल्य से माफी मांगने और वहां अध्ययनरत बच्चियों से मिलकर भविष्य में ऐसी घटना नहीं होने का भरोसा दिलाने को कहा। सांसद मनीष जायसवाल ने गुरुकुल को कथित तौर पर डराने और दबाव बनाने की कोशिशों पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि गुरुकुल कोई व्यावसायिक प्रतिष्ठान नहीं, बल्कि समाज के सहयोग से संचालित शैक्षणिक एवं संस्कार आधारित संस्था है, जहां बेटियों का भविष्य संवारा जाता है। एक शिक्षक और आचार्य का अपमान किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। अधिकारियों को गुरुकुल की बच्चियों के मन से भय का वातावरण समाप्त करना चाहिए और सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

अधिकारियों का आचरण ऐसा हो कि स्थानांतरण पर लोग दुखी हों : मनोज गुप्ता

श्री सूर्य षष्ठी छठ पूजा फल वितरण समिति के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि सियासत हो या शतरंज, वजीरों को बचाने के लिए अक्सर बलि प्यादों की चढ़ती है। नगर निगम के आपसी विवाद का खामियाजा आम लोगों और सामाजिक संस्थाओं को भुगतना पड़ रहा है, जो पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि उच्च पदों पर बैठे अधिकारियों का आचरण ऐसा होना चाहिए कि उनके स्थानांतरण पर लोग दुखी हों, न कि उनके जाने पर खुशी मनाएं।

दोषी पदाधिकारी पर हो कड़ी कानूनी कार्रवाई : बटेश्वर प्रसाद मेहता

झारखंड स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच के केंद्रीय अध्यक्ष बटेश्वर प्रसाद मेहता ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि गुरुकुल शिक्षा और संस्कार का मंदिर है। यहां के आचार्य के साथ दुर्व्यवहार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मामले में जो भी दोषी हों, उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

बातचीत से निकल सकता था समाधान : विवेकानंद सिंह

भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने कहा कि मंगलवार को हुई घटना पूरी तरह गलत है। किसी भी संस्था का पोस्टर या बैनर फाड़ना उचित नहीं है। यदि नगर निगम को बैनर को लेकर कोई आपत्ति थी तो संबंधित लोगों से बातचीत कर समाधान निकाला जाना चाहिए था। अधिकारियों को संयम और जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करना चाहिए।

बेटियों के सामने आचार्य के लिए किए गए आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग का आरोप

प्रेस वार्ता के अंत में आर्ष कन्या गुरुकुल के आचार्य कौटिल्य ने मंगलवार को हुई घटना की विस्तृत जानकारी पत्रकारों को दी। उन्होंने कहा कि गुरुकुल में बेटियों को सशक्त बनाने के साथ सनातनी शिक्षा और संस्कार दिए जाते हैं। नगर निगम के अधिकारियों के कथित व्यवहार से यहां अध्ययनरत बच्चियां आहत हैं और उनका पठन-पाठन भी प्रभावित हो रहा है। आचार्य ने स्पष्ट किया कि गुरुकुल के बाहर जिस बैनर को फाड़ा गया, उससे गुरुकुल का कोई लेना-देना नहीं था। इसके बावजूद अधिकारियों ने बच्चियों के सामने उनके लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि फिलहाल उन शब्दों को सार्वजनिक करना उचित नहीं समझते, लेकिन जरूरत पड़ने पर गुरुकुल की बेटियां स्वयं पूरी घटना और कहे गए शब्दों को सार्वजनिक करेंगी। आचार्य कौटिल्य ने भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पदाधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

Related Articles

Back to top button