गिरिडीह में साउंड संचालकों का शक्ति प्रदर्शन, 7-8 हजार लोगों की जुटान; डीजे बैन और ध्वनि प्रदूषण कानून में बदलाव की उठी मांग
गिरिडीह। रविवार को सवेरा हॉल में गिरिडीह जिला साउंड एसोसिएशन का छठा वार्षिक जिला अधिवेशन भव्य समारोह के रूप में आयोजित किया गया।

गिरिडीह में साउंड संचालकों का शक्ति प्रदर्शन, 7-8 हजार लोगों की जुटान; डीजे बैन और ध्वनि प्रदूषण कानून में बदलाव की उठी मांग
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : रविवार को सवेरा हॉल में गिरिडीह जिला साउंड एसोसिएशन का छठा वार्षिक जिला अधिवेशन भव्य समारोह के रूप में आयोजित किया गया। अधिवेशन में गिरिडीह के अलावा झारखंड के विभिन्न जिलों समेत बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और दिल्ली से बड़ी संख्या में साउंड संचालक शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में करीब 7 से 8 हजार साउंड संचालकों की मौजूदगी रही।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद नगर एवं प्रखंड क्षेत्रों से पहुंचे एसोसिएशन के सदस्यों ने रैली निकालकर संगठन की एकजुटता का संदेश दिया। वहीं साउंड उपकरणों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही, जहां देर रात तक लोगों की भीड़ जुटी रही।

अधिवेशन को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष रामजी प्रसाद यादव ने कहा कि यह संगठन का छठा जिला अधिवेशन है और पिछले अधिवेशन की तुलना में इस बार संगठन और अधिक मजबूती के साथ एकजुट हुआ है। उन्होंने कहा कि डीजे और साउंड का व्यवसाय करने वालों के सामने कई तरह की परेशानियां हैं। बार-बार डीजे पर प्रतिबंध लगने से कारोबार और रोजगार प्रभावित होता है। संगठन अपने सदस्यों के हक और अधिकार के लिए आवाज उठाता रहेगा।

दिल्ली से पहुंचे अध्यक्ष वीरेंद्र बब्बर ने कहा कि साउंड व्यवसाय से जुड़े लोगों को देशभर में एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। उन्होंने करीब 50 वर्ष पुराने ध्वनि प्रदूषण से जुड़े कानूनों में बदलाव की मांग को लेकर देशव्यापी स्तर पर आवाज उठाने की बात कही।
वहीं उत्तर प्रदेश के उमेश कसाना ने कहा कि कई राज्यों में डीजे संचालकों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने साउंड व्यवसाय से जुड़े लोगों से आपसी विवाद और प्रतिस्पर्धा के बजाय संगठन को मजबूत करने की अपील की।

अधिवेशन में उत्तर प्रदेश से अभिषेक यादव और संजय कुमार, मध्य प्रदेश से आनंद जी, बिहार से शैलेंद्र सिन्हा और रामजी चौधरी समेत छत्तीसगढ़, ओडिशा और अन्य राज्यों व जिलों से आए प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य साउंड सिस्टम के कारोबार को व्यवस्थित और बड़े पैमाने पर खड़ा करना है, ताकि यह झारखंड और गिरिडीह में रोजगार का मजबूत माध्यम बन सके।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला संयोजक अजय शिवानी, टेकलाल पंडित, जिला उपाध्यक्ष जगदीश दास, संजय ठाकुर, सचिव इरफान अंसारी, सबदर अली, कोषाध्यक्ष सुरेश सिंह, संगठन मंत्री रवि राम, मीडिया प्रभारी मुन्ना दास, प्रवक्ता इम्तियाज अंसारी, टिंकू साव, छोटन राम, दिलीप तांती, कमल शर्मा, प्रखंड अध्यक्ष मुश्ताक आलम, प्रवीण वर्मा, राजेश पंडित, बिजेंद्र मंडल, जितेंद्र कुमार, अजित पाठक, मेघलाल मंडल, दिनेश राणा, सूर्य नारायण सिंह, अमर कुमार, राजेंद्र राम, उमाशंकर शर्मा, तुलसी मरिक, अभिनंदन विश्वकर्मा, कामरुद्दीन अंसारी, रविन्द्र वर्मा समेत सभी प्रखंड पदाधिकारियों और सदस्यों की अहम भूमिका रही।



