गिरिडीह में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने किया ध्वजारोहण
गिरिडीह देशभक्ति और उत्साह के माहौल में गिरिडीह के झंडा मैदान में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया।

गिरिडीह में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने किया ध्वजारोहण
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : देशभक्ति और उत्साह के माहौल में गिरिडीह के झंडा मैदान में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। मुख्य समारोह में सूबे के नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी।

ध्वजारोहण से पूर्व मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के साथ परेड का निरीक्षण किया। परेड दल ने अनुशासन और जोश के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी, जिससे पूरा झंडा मैदान देशभक्ति के रंग में रंग गया।

ध्वजारोहण के बाद मंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों को प्रशस्ति पत्र और शॉल देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही स्वतंत्रता संग्राम और देश की सेवा में शहीद हुए वीरों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे और तिरंगे को सलामी देते हुए राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, महापौर प्रमिला मेहरा,सुरजीत सिंह, डीडीसी अस्मिता कुमारी, एसडीएम सुरेंद्र प्रसाद, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुवा सहित जिले के कई प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह ने गिरिडीह में एकता, देशभक्ति और राष्ट्रसेवा के संकल्प को और मजबूत किया।



