खिरगांव झड़प मामले में सांसद मनीष जायसवाल सहित सदर विधायक और बीजेपी जिला अध्यक्ष ने एसपी से की मुलाकात, निष्पक्ष जांच की रखी मांग
हजारीबाग शहर के खिरगांव में दो दिन पूर्व गाना बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद दो समुदायों के बीच हुई झड़प के मामले को लेकर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद और भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार से मुलाकात की।

खिरगांव झड़प मामले में सांसद मनीष जायसवाल सहित सदर विधायक और बीजेपी जिला अध्यक्ष ने एसपी से की मुलाकात, निष्पक्ष जांच की रखी मांग
निर्दोष फँसे नहीं और दोषी बचे नहीं : मनीष जायसवाल
हजारीबाग : हजारीबाग शहर के खिरगांव में दो दिन पूर्व गाना बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद दो समुदायों के बीच हुई झड़प के मामले को लेकर हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल, सदर विधायक प्रदीप प्रसाद और भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार से मुलाकात की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने घटना की विस्तृत जानकारी ली और पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्षता एवं गंभीरता से जांच करने का आग्रह किया।

सांसद मनीष जायसवाल सहित अन्य नेताओं ने कहा कि मामले में किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। वहीं जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कानून सम्मत कार्रवाई की जानी चाहिए। निर्दोष लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाए और वास्तविक दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाए। भाजपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन से कानून के दायरे में सभी के साथ समान एवं निष्पक्ष व्यवहार सुनिश्चित करने की अपील की, ताकि आम लोगों का पुलिस-प्रशासन पर भरोसा कायम रहे।
मुलाकात के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से स्थिति पर लगातार नजर रखने और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और क्षेत्र में आपसी सौहार्द बना रहे।




