Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

एलआईसी ने मनाया 71वां स्थापना दिवस, 70 साल की भरोसेमंद सेवा का बखान—बीमा क्षेत्र में बदलाव को लेकर जताई चिंता

भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को गिरिडीह शाखा कार्यालय में दीप प्रज्वलित कर बीमा सप्ताह कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

एलआईसी ने मनाया 71वां स्थापना दिवस, 70 साल की भरोसेमंद सेवा का बखान—बीमा क्षेत्र में बदलाव को लेकर जताई चिंता

गिरिडीह, मनोज कुमार।

गिरिडीह : भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को गिरिडीह शाखा कार्यालय में दीप प्रज्वलित कर बीमा सप्ताह कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का संचालन राजेश कुमार उपाध्याय ने किया। वरीय शाखा प्रबंधक एसएन भर्तृवर, बीमा कर्मचारी संघ के सचिव धर्म प्रकाश, विकास अधिकारी मनोज कुमार, कुमकुम वाला वर्मा, सबा परवीन, अंशु कुमारी सिंघानिया और अभिकर्ता उमाकांत वाजपेई ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस दौरान वरिष्ठ कर्मचारी संजय शर्मा को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ, गिरिडीह शाखा की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मंडलीय संयुक्त सचिव धर्म प्रकाश ने कहा कि 1 सितंबर 1956 को स्थापित एलआईसी ने विश्वास, सेवा और आर्थिक सुरक्षा के 70 वर्ष पूरे कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि छोटे से पौधे के रूप में शुरू हुआ एलआईसी आज देश के वित्तीय क्षेत्र में विशाल बरगद के पेड़ की तरह विकसित हो चुका है और स्थापना के उद्देश्यों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में निगम की कुल संपत्ति 59 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। देश के विकास में किए गए करीब 55 लाख करोड़ रुपये के कुल निवेश में से लगभग 40 लाख करोड़ रुपये केंद्र एवं राज्य सरकारों की प्रतिभूतियों तथा सिंचाई, आवास, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी ढांचों में लगाए गए हैं।

धर्म प्रकाश ने कहा कि पिछले 70 वर्षों में एलआईसी ने भारत सरकार को लाभांश के रूप में 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक दिया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में भी केंद्र सरकार को 12,207 करोड़ रुपये लाभांश के रूप में दिया गया। इसी वित्तीय वर्ष में प्रथम प्रीमियम आय में एलआईसी का मार्केट शेयर 56.66 प्रतिशत, जबकि नव व्यवसाय पॉलिसियों में हिस्सेदारी 65.16 प्रतिशत रही।

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में निगम की कुल आय में 12.42 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह बढ़कर 9,72,914 करोड़ रुपये रही। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों ने एलआईसी को बीमा क्षेत्र में सिर्फ मार्केट लीडर ही नहीं, बल्कि मार्केट मेकर के रूप में भी स्थापित किया है।

प्रेस वार्ता में बीमा वितरण व्यवस्था में प्रस्तावित बदलावों को लेकर भी चिंता जताई गई। धर्म प्रकाश ने कहा कि एलआईसी की 98.42 प्रतिशत पॉलिसियां एजेंटों के माध्यम से होती हैं। ऐसे में बीमा वितरण प्रणाली में बड़े बदलाव निगम के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा आर्थिक परिस्थितियों में एलआईसी की वृद्धि दर, बाजार हिस्सेदारी और ग्राहकों के भरोसे को बनाए रखना जरूरी है।

उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों, विकास अधिकारियों और अभिकर्ताओं से मिलकर बेहतर ग्राहक सेवा देने की अपील की। साथ ही कहा कि स्थापना दिवस के मौके पर भारतीय जीवन बीमा निगम की सुरक्षा और मजबूती के लिए कर्मचारी संघ अपनी वैचारिक प्रतिबद्धता दोहराता है।
प्रेस वार्ता में मंडलीय संगठनिक सचिव अनुराग मुर्मू, शाखा अध्यक्ष संजय शर्मा और संयुक्त सचिव विजय कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button