इचाक मोड़ फ्लाईओवर से बरियाठ गांव का रास्ता बंद नहीं होने देंगे: विधायक
इचाक मोड़ पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के डिजाइन को लेकर बरियाठ के ग्रामीणों में पनप रहे आक्रोश के बीच माननीय विधायक श्री अमित कुमार यादव जी ने मामले में कड़ा रुख अख्तियार किया है।

इचाक मोड़ फ्लाईओवर से बरियाठ गांव का रास्ता बंद नहीं होने देंगे: विधायक
ग्रामीणों के ज्ञापन पर विधायक ने NHAI के RO व PD से की सीधी बात; आबादी क्षेत्र में दीवार के बजाय पिलर/अंडरपास बनाने के दिए कड़े निर्देश..
हजारीबाग: इचाक मोड़ पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के डिजाइन को लेकर बरियाठ के ग्रामीणों में पनप रहे आक्रोश के बीच माननीय विधायक श्री अमित कुमार यादव जी ने मामले में कड़ा रुख अख्तियार किया है। बरियाठ पंचायत की महिला मुखिया एवं ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक आवासीय कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और बताया कि फ्लाईओवर निर्माण के तहत बरियाठ के घनी आबादी वाले क्षेत्र में पिलर न देकर दोनों तरफ से मिट्टी भर कर ऊंची दीवार खड़ी की जा रही है। इससे बरियाठ गांव दो हिस्सों में कट जाएगा और स्थानीय लोगों का आवागमन हमेशा के लिए बंद हो जाएगा। ज्ञात हो कि दो दिन पूर्व भी विधायक ने स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों की शिकायत पर वस्तुस्थिति का जायजा लिया था।

ग्रामीणों की फरियाद सुनते ही विधायक अमित कुमार यादव ने मौके से ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के क्षेत्रीय अधिकारी (RO) एवं परियोजना निदेशक (PD) से सीधी वार्ता की।
विधायक ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि विकास कार्य जनता की सुविधा के लिए होता है, उन्हें संकट में डालने के लिए नहीं। बरियाठ एक घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जहां पिलर विहीन दीवार बनाने से गांव का आपसी संपर्क टूट जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तकनीकी ड्राइंग में संशोधन कर आबादी क्षेत्र में पिलर आधारित स्ट्रक्चर (अंडरपास) का निर्माण सुनिश्चित किया जाए।
विधायक ने चेताया कि जब तक ग्रामीणों के सुगम आवागमन का स्थायी तकनीकी समाधान नहीं निकाला जाता, तब तक घनी आबादी वाले हिस्से में जबरन दीवार खड़ा करने का काम नहीं होने दिया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री निरंजन मेहता जी, विधायक प्रतिनिधि गौतम नारायण सिंह जी, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि समेत अन्य गणमान्य एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।




