आवासीय बालिका एथलेटिक्स एवं फुटबॉल खेल छात्रावास में चला स्वच्छता अभियान l
झारखंड सरकार के खेलकूद विभाग द्वारा संचालित आवासीय बालिका एथलेटिक्स एवं फुटबॉल खेल छात्रावास, हजारीबाग में रविवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।

आवासीय बालिका एथलेटिक्स एवं फुटबॉल खेल छात्रावास में चला स्वच्छता अभियान l
स्वच्छ वातावरण से खिलाड़ियों में अनुशासन और सकारात्मक सोच का विकास होता है: जिला खेल पदाधिकारी कैलाश राम l
हजारीबाग : झारखंड सरकार के खेलकूद विभाग द्वारा संचालित आवासीय बालिका एथलेटिक्स एवं फुटबॉल खेल छात्रावास, हजारीबाग में रविवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिला खेल पदाधिकारी कैलाश राम ने किया। इस अवसर पर हजारीबाग नगर निगम के महापौर अरविंद कुमार राणा ने भी अभियान में सहभागिता निभाते हुए खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के साथ श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

स्वच्छता अभियान में जिला फुटबॉल कोच अशोक कुमार, एथलेटिक्स कोच अनुकंपा रुण्डा, प्रधान लिपिक शेखर कुमार तथा छात्रावास में रह रही बालिका खिलाड़ियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने छात्रावास परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।
जिला खेल पदाधिकारी कैलाश राम ने बताया कि छात्रावास में वर्तमान में 50 बालिका खिलाड़ी निवास कर रही हैं। खिलाड़ियों को खेल प्रशिक्षण के साथ-साथ स्वच्छता, अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी का भी पाठ पढ़ाया जाता है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक रविवार को श्रमदान के माध्यम से छात्रावास परिसर में नियमित स्वच्छता अभियान संचालित किया जाता है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ परिसर न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होता है, बल्कि खिलाड़ियों को सकारात्मक, प्रेरणादायक एवं अनुशासित वातावरण भी प्रदान करता है। स्वच्छता की आदत जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इससे जिम्मेदारी, सामूहिक सहभागिता तथा सामाजिक चेतना का विकास होता है।
महापौर अरविंद कुमार राणा ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। खिलाड़ियों द्वारा श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश देना समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ परिसर खिलाड़ियों के बेहतर स्वास्थ्य और उत्कृष्ट प्रदर्शन की आधारशिला है तथा नगर निगम भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों में हरसंभव सहयोग देता रहेगा।
स्वच्छता अभियान के समापन पर सभी खिलाड़ियों एवं अधिकारियों ने छात्रावास परिसर को सदैव स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।




