Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

अवैध महुआ शराब के खिलाफ महिलाओं का फूटा गुस्सा, पचंबा थाना का किया घेराव l

गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याणडीह में अवैध महुआ शराब के कारोबार से परेशान महिलाओं का आक्रोश सोमवार देर शाम सड़क पर उतर आया।

अवैध महुआ शराब के खिलाफ महिलाओं का फूटा गुस्सा, पचंबा थाना का किया घेराव l

गिरिडीह, मनोज कुमार।

गिरिडीह : गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याणडीह में अवैध महुआ शराब के कारोबार से परेशान महिलाओं का आक्रोश सोमवार देर शाम सड़क पर उतर आया। क्षेत्र में कथित तौर पर चल रहे जानलेवा महुआ शराब के धंधे पर रोक लगाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में महिलाओं ने पचंबा थाना पहुंचकर घेराव किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि अवैध शराब की बिक्री से क्षेत्र का सामाजिक वातावरण लगातार खराब हो रहा है। शराब के सेवन से कई परिवार प्रभावित हो रहे हैं और युवाओं का भविष्य भी बर्बाद हो रहा है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराब कारोबारियों के खिलाफ आवाज उठाने पर उन्हें डराया-धमकाया जाता है तथा विरोध करने वालों को मारपीट की धमकी दी जाती है।

महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि शराब के नशे में कुछ असामाजिक तत्व क्षेत्र में महिलाओं और युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार एवं छेड़खानी जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं, जिससे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने दावा किया कि कल्याणडीह में बाहर से महुआ शराब की आपूर्ति की जाती है और कई बार स्थानीय लोगों ने शराब लेकर आने वालों को पकड़कर इसका विरोध भी किया है। बावजूद इसके अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी है।
थाना घेराव कर रही महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

साथ ही क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाकर कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाए ताकि लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके।
महिलाओं के प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं की इस पहल की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है।

Related Articles

Back to top button