Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरत्योहारदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

“अज़ादारी, अमन और अख़ुव्वत की मिसाल: गिरिडीह में मुहर्रम का अखाड़ा शांतिपूर्ण संपन्न, युवाओं के हैरतअंगेज़ फ़न ने जीता दिल” l

गिरिडीह में मुहर्रम का पर्व अमन, भाईचारे और गंगा- जमुना तहज़ीब की खूबसूरत मिसाल के साथ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

“अज़ादारी, अमन और अख़ुव्वत की मिसाल: गिरिडीह में मुहर्रम का अखाड़ा शांतिपूर्ण संपन्न, युवाओं के हैरतअंगेज़ फ़न ने जीता दिल” l

गिरिडीह, मनोज कुमार।

गिरिडीह : गिरिडीह में मुहर्रम का पर्व अमन, भाईचारे और गंगा- जमुना तहज़ीब की खूबसूरत मिसाल के साथ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक निकले पारंपरिक अखाड़ों में युवाओं ने लाठी, तलवार और अन्य पारंपरिक युद्धक कलाओं के हैरतअंगेज़ करतब दिखाकर लोगों को रोमांचित कर दिया। पूरे आयोजन के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही।

शुक्रवार को मुहर्रम के अवसर पर गिरिडीह शहर के मोलाना आजाद चौक,पद्मम चौक, भंडारीडीह, पचंबा, बरवाडीह समेत जिले के विभिन्न इलाकों से पारंपरिक अखाड़े निकाले गए। ढोल-ताशों की गूंज और पारंपरिक धुनों के बीच युवाओं ने अपनी कला और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग इन करतबों को देखने के लिए उमड़ पड़े।

अखाड़ा समितियों ने निर्धारित मार्गों का पालन करते हुए अनुशासित तरीके से जुलूस निकाला। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने अखाड़ा दलों का गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था, परंपरा, अनुशासन और सामाजिक सौहार्द की सुंदर झलक देखने को मिली।

मुहर्रम के मद्देनज़र जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री सह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू, महापौर प्रमिला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार, जेएमएम जिला अध्यक्ष संजय सिंह,उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, डीडीसी अस्मृता कुमारी तथा नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुवा विभिन्न अखाड़ा स्थलों पर पहुंचे। अखाड़ा समितियों ने सभी अतिथियों का पगड़ी पहनाकर सम्मान किया।

पूरे आयोजन की प्रशासन द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की गई। एसडीएम, एसडीपीओ, डीएसपी, सीओ, बीडीओ तथा सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात रहे। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई थी। प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम रहे, जबकि ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे आयोजन पर पैनी निगरानी रखी गई। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

मुहर्रम का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि “आज गिरिडीह में गंगा-जमुनी तहज़ीब की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। सभी समुदायों के लोगों ने आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ इस पर्व को मनाया। यह गिरिडीह की सामाजिक एकता और आपसी विश्वास का प्रतीक है।”

Related Articles

Back to top button