Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़

हादसे को खुला न्योता! अंबेडकर चौक पर मौत बनकर झुका बिजली का पोल, हर पल मंडरा रहा बड़ा खतरा

गिरिडीह शहर के सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले अंबेडकर चौक पर एक जर्जर बिजली का पोल बड़े हादसे को खुला न्योता देता नजर आ रहा है। पोल की नींव धंस जाने से वह बुरी तरह झुक गया है,

हादसे को खुला न्योता! अंबेडकर चौक पर मौत बनकर झुका बिजली का पोल, हर पल मंडरा रहा बड़ा खतरा

गिरिडीह, मनोज कुमार।

गिरिडीह : गिरिडीह शहर के सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले अंबेडकर चौक पर एक जर्जर बिजली का पोल बड़े हादसे को खुला न्योता देता नजर आ रहा है। पोल की नींव धंस जाने से वह बुरी तरह झुक गया है, जबकि उसके समीप स्थित एक अन्य पोल की हालत भी चिंताजनक बनी हुई है। ऐसे में हर दिन हजारों राहगीरों, वाहन चालकों और दुकानदारों की जान जोखिम में पड़ गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार लगातार हो रही बारिश से मिट्टी कमजोर होने के कारण पोल की बुनियाद धंस गई है। इतना ही नहीं, पोल पर एक बड़े पेड़ की मोटी टहनी गिरने से उस पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है, जिससे उसके कभी भी गिरने की आशंका बनी हुई है। पोल पर बिजली के तार होने के कारण करंट फैलने और बिजली आपूर्ति बाधित होने का खतरा भी बढ़ गया है।

दुकानदारों का कहना है कि दिनभर इस मार्ग पर भारी भीड़ रहती है। यदि समय रहते पोल नहीं हटाया गया या उसकी मरम्मत नहीं की गई तो किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने बिजली विभाग से तत्काल तकनीकी टीम भेजकर पोल को सुरक्षित करने या नया पोल लगाने की मांग की है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हादसे के बाद कार्रवाई करने से बेहतर है कि विभाग पहले ही सतर्कता बरते। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

अब सभी की निगाहें बिजली विभाग और जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि आखिर लोगों की सुरक्षा को लेकर कब तक ठोस कदम उठाए जाते हैं।

Related Articles

Back to top button