सर जेसी बोस के नाम पर यूनिवर्सिटी की स्थापना ही होगी महान वैज्ञानिक को सच्ची श्रद्धांजलि : संजय सिंह
महान वैज्ञानिक आचार्य जगदीश चंद्र बसु की 89वीं पुण्यतिथि पर गिरिडीह में उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया।

सर जेसी बोस के नाम पर यूनिवर्सिटी की स्थापना ही होगी महान वैज्ञानिक को सच्ची श्रद्धांजलि : संजय सिंह
89वीं पुण्यतिथि पर सर जेसी बोस मेमोरियल सोसायटी ने किया माल्यार्पण, विज्ञान भवन में भी दी गई श्रद्धांजलि; यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग, मेडिकल और मैनेजमेंट की पढ़ाई का होगा प्रावधान
गिरिडीह : मनोज कुमार।
गिरिडीह : महान वैज्ञानिक आचार्य जगदीश चंद्र बसु की 89वीं पुण्यतिथि पर गिरिडीह में उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। सर जेसी बोस मेमोरियल सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में झामुमो के जिला अध्यक्ष संजय सिंह सहित सोसायटी के पदाधिकारियों और सदस्यों ने जेसी बोस चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद विज्ञान भवन में स्थापित आचार्य बसु की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया।

इस दौरान ‘जेसी बोस अमर रहें’ के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि यह गिरिडीह जिले के लिए गौरव की बात है कि महान वैज्ञानिक आचार्य जगदीश चंद्र बसु के जीवन का अंतिम समय इसी धरती पर बीता था। उनके नाम पर जिले में कई संस्थाएं संचालित हो रही हैं। सर जेसी बोस यूनिवर्सिटी की स्थापना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के प्रयासों से सर जेसी बोस यूनिवर्सिटी की स्थापना को राज्य सरकार की मंजूरी मिली है। इस विश्वविद्यालय के अंतर्गत इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज और मैनेजमेंट की पढ़ाई की व्यवस्था प्रस्तावित है। विश्वविद्यालय की स्थापना और इसके माध्यम से शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध कराना महान वैज्ञानिक के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

संजय सिंह ने कहा कि हाल ही में माननीय उच्च न्यायालय ने आचार्य जगदीश चंद्र बसु से जुड़ी बंद तिजोरी को खोलने का आदेश दिया है। अब लोगों में उत्सुकता है कि उस तिजोरी से क्या-क्या महत्वपूर्ण सामग्री सामने आती है। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार की ओर से महान वैज्ञानिक को नमन करते हुए सोसायटी के सदस्यों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि ऐतिहासिक स्मारकों का संरक्षण करना बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर सोसायटी के अध्यक्ष प्रभाकर कुमार, सचिव रितेश सराक, संयुक्त सचिव रामजी यादव, वरिष्ठ सदस्य नवीन कुमार सिन्हा, राजेश कुमार सिन्हा, शंकर पांडेय, टुन्ना सिंह, अनन्या निशु, दशरथ प्रसाद, योगेश्वर कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।



