Breaking Newsझारखण्डटेक्नोलॉजीताजा खबरदुनियादेशलाइफस्टाइललाइव न्यूज़शिक्षा

संघर्ष से सफलता तक: गिरिडीह की दीपशिखा ने CA फाउंडेशन परीक्षा पास कर बढ़ाया जिले का मान l

गिरिडीह के सर जे.सी. बोस मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की छात्रा दीपशिखा कुमारी ने भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI) की CA फाउंडेशन परीक्षा में 400 में 233 अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की है।

संघर्ष से सफलता तक: गिरिडीह की दीपशिखा ने CA फाउंडेशन परीक्षा पास कर बढ़ाया जिले का मान l

गिरिडीह, मनोज कुमार।

गिरिडीह : गिरिडीह के सर जे.सी. बोस मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की छात्रा दीपशिखा कुमारी ने भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI) की CA फाउंडेशन परीक्षा में 400 में 233 अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय और पूरे जिले में खुशी का माहौल है।

दीपशिखा की सफलता पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के प्राचार्य मुन्ना प्रसाद कुशवाहा ने उन्हें मिठाई खिलाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने दीपशिखा का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार हर कदम पर उनके साथ खड़ा रहेगा।

दीपशिखा का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। कक्षा सात में पढ़ाई के दौरान उन्होंने सड़क दुर्घटना में अपने पिता को खो दिया था। इसके बाद उनकी मां ने कठिन परिस्थितियों में परिवार का पालन-पोषण करते हुए तीनों बच्चों की शिक्षा जारी रखी।
अपनी सफलता पर दीपशिखा ने कहा, “पिता के निधन के बाद मेरी मां ने मेरे, मेरे भाई और बहन के पालन-पोषण के लिए बहुत मेहनत की। कई कठिनाइयों के बावजूद मुझे हमेशा विश्वास था कि शिक्षा हमारी परिस्थितियों को बदल सकती है।” उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में उन्होंने 12वीं की परीक्षा 82 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी और दूसरे प्रयास में CA फाउंडेशन परीक्षा पास करने में सफलता मिली। उन्होंने कहा, “मैंने अपनी गलतियों से सीखा और पहले से अधिक मेहनत की।”

विद्यालय के प्राचार्य मुन्ना प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि दीपशिखा की सफलता सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा, “दीपशिखा ने अपनी कड़ी मेहनत से परिवार, विद्यालय और गिरिडीह का नाम रोशन किया है। मेहनत ही सफलता का एकमात्र विकल्प है।”

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने दीपशिखा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गौरतलब है कि दीपशिखा ने अब CA इंटरमीडिएट के लिए पंजीकरण करा लिया है और मई 2027 में होने वाली परीक्षा की तैयारी में जुट गई हैं।

Related Articles

Back to top button