भीषण गर्मी में गिरिडीह पुलिस की मानवीय पहल, थानों के बाहर शुरू हुई प्याऊ व्यवस्था l
भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच गिरिडीह पुलिस ने आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए मानवीय पहल की शुरुआत की है।

भीषण गर्मी में गिरिडीह पुलिस की मानवीय पहल, थानों के बाहर शुरू हुई प्याऊ व्यवस्था l
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच गिरिडीह पुलिस ने आम लोगों को राहत पहुंचाने के लिए मानवीय पहल की शुरुआत की है। जिले के मुफ्फसिल और पचम्बा थाना परिसर के बाहर राहगीरों एवं आम जनता के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है।

इस जनहितकारी पहल की शुरुआत पुलिस अधीक्षक ने स्वयं मौके पर पहुंचकर की। उन्होंने दोनों थाना परिसरों के बाहर की गई प्याऊ व्यवस्था का निरीक्षण किया और लोगों को ठंडा पानी पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।

गर्मी के इस मौसम में सड़क पर निकलने वाले राहगीरों, मजदूरों और आम लोगों को पीने के साफ एवं ठंडे पानी के लिए परेशानी न हो, इसे ध्यान में रखते हुए गिरिडीह पुलिस ने यह कदम उठाया है। फिलहाल इसकी शुरुआत मुफ्फसिल और पचम्बा थाना से की गई है,
जबकि आने वाले दिनों में जिले के सभी थाना और ओपी परिसरों के बाहर भी इसी तरह की प्याऊ व्यवस्था शुरू की जाएगी।
गिरिडीह पुलिस की इस संवेदनशील पहल की स्थानीय लोगों और राहगीरों द्वारा काफी सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में पुलिस की यह व्यवस्था राहत देने के साथ-साथ पुलिस और जनता के बीच विश्वास और संबंधों को भी मजबूत करेगी।



