नई चेतना 5.0 का शुभारंभ: बिहार की रूबी और मीरा देवी ने दिल्ली के राष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया मान, 343 प्रखंडों में चलेंगे दीदी अधिकार केंद्र
महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, लैंगिक हिंसा के खिलाफ आवाज बुलंद करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय लैंगिक समानता अभियान ‘नई चेतना 5.0’ की शुरुआत हो गई है।

नई चेतना 5.0 का शुभारंभ: बिहार की रूबी और मीरा देवी ने दिल्ली के राष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया मान, 343 प्रखंडों में चलेंगे दीदी अधिकार केंद्र
बिहार: महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, लैंगिक हिंसा के खिलाफ आवाज बुलंद करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय लैंगिक समानता अभियान ‘नई चेतना 5.0’ की शुरुआत हो गई है। बुधवार, 25 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से अभियान के पांचवें संस्करण का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 25 नवंबर से 23 दिसंबर 2026 तक देशभर में चलाया जाएगा। बिहार में इसकी जिम्मेदारी बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति यानी जीविका को सौंपी गई है। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में बिहार की दो जीविका दीदियों ने अपनी सफलता की कहानी साझा कर राज्य का मान बढ़ाया।

दिल्ली के राष्ट्रीय मंच पर बिहार की दो जीविका दीदियों ने साझा किए अनुभव
नई चेतना 5.0 का शुभारंभ समारोह नई दिल्ली स्थित भारत रत्न सी. सुब्रमण्यम ऑडिटोरियम, राष्ट्रीय कृषि विज्ञान संग्रहालय में आयोजित किया गया। इसमें भागलपुर जिले के कहलगांव प्रखंड की रूबी देवी और नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड की मीरा देवी ने हिस्सा लिया।
भागलपुर की रूबी देवी ने दीदी अधिकार केंद्र के माध्यम से महिलाओं के सशक्तीकरण, सामाजिक जागरूकता और महिला अधिकारों की रक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी राष्ट्रीय मंच पर साझा की। वहीं, नालंदा की मीरा देवी ने पैनल चर्चा में हिस्सा लेते हुए सामुदायिक भागीदारी, महिला नेतृत्व विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे कार्यों को प्रस्तुत किया।
2008 से जीविका से जुड़ी हैं मीरा देवी, 65 से अधिक मामलों का समाधान
नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड की मीरा देवी वर्ष 2008 से जीविका से जुड़ी हुई हैं। वर्तमान में वह चांद जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ, हरनौत की निर्वाचित अध्यक्ष हैं। वह स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं, सामुदायिक कार्यकर्ताओं और कैडर के कार्यों का नेतृत्व एवं अनुश्रवण कर रही हैं।
महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और लैंगिक हिंसा के खिलाफ उनके प्रयास भी उल्लेखनीय हैं। जानकारी के अनुसार, उनके प्रखंड में जेंडर आधारित हिंसा के कुल 74 मामले दर्ज किए गए थे, जिनमें से 65 से अधिक मामलों का समाधान किया जा चुका है। इसके अलावा पंचायत और प्रखंड स्तर पर जेंडर फोरम की बैठकें आयोजित कराने तथा दीदी अधिकार केंद्र के कैडरों को सहयोग देने में भी उनकी सक्रिय भूमिका है।

घरेलू हिंसा और बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैला रहीं रूबी देवी
भागलपुर जिले के कहलगांव प्रखंड की रूबी देवी शिवगुरु जीविका स्वयं सहायता समूह की सदस्य हैं। वह कहलगांव के दीदी अधिकार केंद्र में समन्वयक के रूप में कार्यरत हैं।
रूबी देवी ग्रामीण महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ घरेलू हिंसा, बाल विवाह, दहेज प्रथा और लैंगिक भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक करती हैं। संकट में फंसी महिलाओं को जरूरी सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं में अपने अधिकारों को लेकर जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ा है।
बिहार के चार प्रखंडों में नए दीदी अधिकार केंद्रों की शुरुआत
नई चेतना 5.0 के शुभारंभ के अवसर पर बिहार के चार प्रखंडों में नए दीदी अधिकार केंद्रों का भी उद्घाटन किया गया। इनमें गया जिले के नीमचक बथानी और वजीरगंज, नालंदा जिले के गिरियक तथा कैमूर जिले के मोहनिया प्रखंड शामिल हैं।
इन केंद्रों का उद्घाटन केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्चुअल माध्यम से किया। इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी उपस्थित रहीं।
25 नवंबर से 23 दिसंबर तक चलेगा नई चेतना 5.0 अभियान
इस वर्ष नई चेतना 5.0 अभियान की थीम ‘पहुंच से अधिकारिता तक: विकसित भारत के लिए आजीविका और समान अवसरों के माध्यम से महिलाओं का सशक्तीकरण’ रखी गई है।
महिलाओं के विरुद्ध हिंसा के उन्मूलन के लिए अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर शुरू किया गया यह अभियान दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित होगा। इसके माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी देने, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने और सामाजिक भेदभाव एवं लैंगिक हिंसा के मामलों में सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
बिहार के 343 प्रखंडों में संचालित हो रहे दीदी अधिकार केंद्र
जीविका के माध्यम से बिहार में महिला सशक्तीकरण की दिशा में दीदी अधिकार केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इन केंद्रों पर महिलाओं को उनके कानूनी और सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाता है। साथ ही घरेलू हिंसा, बाल विवाह, दहेज प्रथा और अन्य सामाजिक समस्याओं से प्रभावित महिलाओं को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।
वर्तमान में बिहार के कुल 343 प्रखंडों में दीदी अधिकार केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय मंच पर रूबी देवी और मीरा देवी की सहभागिता ने ग्रामीण महिलाओं के नेतृत्व, सामाजिक बदलाव और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में जीविका के प्रयासों को नई पहचान दिलाई है।




