तिसरी में ज्वेलरी दुकान से लाखों की चोरी, दीवार काटकर चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत तिसरी चौक पर बीती रात चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी कर लाखों रुपये के जेवरात उड़ा लिए।

तिसरी में ज्वेलरी दुकान से लाखों की चोरी, दीवार काटकर चोरों ने दिया वारदात को अंजाम
गिरिडीह मनोज कुमार
गिरिडीह : जिले के तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत तिसरी चौक पर बीती रात चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी कर लाखों रुपये के जेवरात उड़ा लिए। चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार काटकर इस चोरी की घटना को अंजाम दिया।

मिली जानकारी के अनुसार सिदो-कान्हो चौक के ठीक सामने स्थित ज्वेलरी दुकान के मालिक मिर्जागंज निवासी शक्ति स्वर्णकार (पिता स्व. खिरो स्वर्णकार) ने बताया कि वे रोज की तरह शनिवार शाम करीब 5 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह जब वे दुकान पहुंचे तो देखा कि दुकान का सारा सामान गायब है और पीछे की दीवार में सेंधमारी की गई है।

दुकान मालिक के अनुसार दुकान में रखे गए लगभग ढाई लाख रुपये मूल्य के पायल, नथिया सहित अन्य जेवरात चोरी हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही तिसरी थाना प्रभारी रंजय कुमार, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रिंकू बरनवाल, समाजसेवी राजकुमार शर्मा समेत कई लोग मौके पर पहुंचे।
जांच में पता चला कि दुकान के ठीक पीछे स्थित गिरजा मैदान की ओर से दीवार काटकर चोर अंदर घुसे थे।
बताया जा रहा है कि दुकान में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था, जबकि हाल ही में तिसरी पुलिस द्वारा दुकानदारों को सीसीटीवी लगाने का निर्देश दिया गया था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के क्षेत्रों में छानबीन की जा रही है।




