डुमरी में 800 पेटी विदेशी शराब बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार
गिरिडीह, बंगाल से बिहार की ओर भेजी जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप को उत्पाद विभाग की टीम ने डुमरी थाना इलाके में पकड़ने में सफलता हासिल की है।

डुमरी में 800 पेटी विदेशी शराब बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : बंगाल से बिहार की ओर भेजी जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप को उत्पाद विभाग की टीम ने डुमरी थाना इलाके में पकड़ने में सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में एक ट्रक से चंडीगढ़ निर्मित 800 पेटी विदेशी शराब बरामद की गई है।

बरामद माल की अनुमानित कीमत 75 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके साथ ही एक कार भी जब्त की गई है, जो ट्रक को रास्ते भर स्कॉर्ट कर रही थी।

बारीकी से जांच करने पर पता चला कि ट्रक में ऊपर की परत में आलू रखा गया था, जबकि उसके नीचे शराब की पेटियां छिपाई गई थीं। अधिकारियों का कहना है कि तस्कर कृषि उपज का आवरण बनाकर लगातार शराब की तस्करी कर रहे थे।

कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों—हरिन्दर सिंह, बिन्दर सिंह, हरपीट सिंह और दीपक कुमार—को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी पंजाब और हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उत्पाद विभाग की टीम आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क और सप्लाई चैन से जुड़ी अहम जानकारी जुटाने में लगी है।
विभाग ने इस बरामदगी को बड़ी सफलता करार देते हुए बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान और भी कड़े रूप में जारी रहेगा।



