झामुमो ने महापौर के लिए विकास राणा को दिया समर्थन
नगर निकाय चुनाव के मद्देनज़र झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने हजारीबाग नगर निगम से विकास राणा को अपना समर्थित उम्मीदवार घोषित किया है।

झामुमो ने महापौर के लिए विकास राणा को दिया समर्थन
हजारीबाग : नगर निकाय चुनाव के मद्देनज़र झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने हजारीबाग नगर निगम से विकास राणा को अपना समर्थित उम्मीदवार घोषित किया है। इस संबंध में हीराबाग चौक स्थित झामुमो के हजारीबाग जिला कार्यालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के जिला सचिव नीलकंठ महतो ने प्रेस को संबोधित करते हुए यह घोषणा की।

प्रेस वार्ता में जिला सचिव नीलकंठ महतो ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा की केंद्रीय समिति ने विचार-विमर्श के बाद विकास राणा के नाम पर अपनी स्वीकृति एवं समर्थन प्रदान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही नगर निकाय चुनाव दलगत आधार पर नहीं लड़ा जाता, लेकिन झामुमो अपनी दलीय चेतना और विचारधारा के आधार पर इस चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाएगा। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता विकास राणा की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मैदान में उतरेगा।

नीलकंठ महतो ने आगे कहा कि हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र में विकास, पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से पार्टी ने यह निर्णय लिया है। झामुमो का मानना है कि विकास राणा के नेतृत्व में नगर निगम को एक नई दिशा मिलेगी और आम जनता की समस्याओं का समाधान प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

इस मौके पर महापौर प्रत्याशी विकास राणा ने दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन को नमन करते हुए उन्हें अपनी राजनीतिक प्रेरणा का स्रोत बताया। उन्होंने झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, साथ ही हजारीबाग जिला अध्यक्ष संजीव बेदिया का आभार व्यक्त किया। विकास राणा ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे और शहर के सर्वांगीण विकास के लिए ईमानदारी से काम करेंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान जिला सचिव नीलकंठ महतो,केंद्रीय सदस्य इज़हार अंसारी , गौरव पटेल, सुनील शर्मा, जिला उपाध्यक्ष रंजीत मेहता, जिला सह सचिव दयानंद मेहता, प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी कुणाल यादव, सतीश दास, जिला कोषाध्यक्ष मो.अख्तर , नगर अध्यक्ष नवीन प्रकाश , सचिव निसार अहमद, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष पियूष बेदिया, इचाक प्रखंड अध्यक्ष राजेश मेहता, बड़कगाव प्रखंड अध्यक्ष संजय सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुनीता देवी, श्वेता दूबे, रीना देवी, आनंद सिंह, रोहित रजक, नगर उपाध्यक्ष शोएब अख्तर, आफताब आलम समेत झारखंड मुक्ति मोर्चा के कई अन्य सदस्य उपस्थित थें ।



