झरघट्टा गोलीकांड का 4 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; देशी पिस्टल व जिंदा गोली बरामद
गिरिडीह जिले के गांडेय थाना क्षेत्र अंतर्गत झरघट्टा गांव में हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर खुलासा कर लिया है।

झरघट्टा गोलीकांड का 4 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; देशी पिस्टल व जिंदा गोली बरामद
गिरिडीह : मनोज कुमार
गिरिडीह : जिले के गांडेय थाना क्षेत्र अंतर्गत झरघट्टा गांव में हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी जागेश्वर मरिक उर्फ छोटका को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके पास से देशी पिस्टल, मैगजीन, 7.65 एमएम की जिंदा गोली और एक खोखा बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 5:30 बजे 38 वर्षीय चंद्र मरिक उर्फ चौहान, जो जामबाद (मुफ्फसिल थाना क्षेत्र) का रहने वाला है, काम से लौटने के बाद अपने दो साथियों के साथ झरघट्टा गांव पहुंचा था। यहां तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान नशे की हालत में आरोपी छोटका ने अपनी पिस्टल निकालकर यह जांचने लगा कि उसमें गोली है या नहीं। इसी क्रम में लापरवाहीवश गोली चल गई, जो सीधे चंद्र मरिक के पेट में जा लगी।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल को तत्काल इलाज के लिए भेजा गया। इधर, गांडेय थाना में कांड संख्या 12/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य सामान भी बरामद किए गए।

पुलिस ने हथियार बरामदगी के मामले में अलग से कांड संख्या 13/26 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ सदर जितवाहन उरांव, थाना प्रभारी, पुलिस अवर निरीक्षक सहित कई जवान शामिल थे।
पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है।



