आपका मोबाइल फिर से आपका कार्यक्रम के तहत 112 लोगों को लौटाए गए खोए मोबाइल
गिरिडीह पुलिस की पहल "आपका मोबाइल फिर से आपका" के तहत शनिवार को जिले भर के 112 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन वापस सौंपे गए।

आपका मोबाइल फिर से आपका कार्यक्रम के तहत 112 लोगों को लौटाए गए खोए मोबाइल
गिरिडीह, मनोज कुमार।
गिरिडीह : पुलिस की पहल “आपका मोबाइल फिर से आपका” के तहत शनिवार को जिले भर के 112 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन वापस सौंपे गए। लंबे समय से मोबाइल खोने के कारण निराश लोगों के चेहरे पर उस समय मुस्कान लौट आई, जब पुलिस ने उनके मोबाइल खोजकर उन्हें वापस किया। इस दौरान मोबाइल धारकों ने गिरिडीह पुलिस और एसपी डॉ. बिमल कुमार का आभार जताया।

पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से जुड़े 112 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन लौटाए गए। इनमें कई ऐसे लोग भी शामिल थे जिनके मोबाइल दो महीने पहले तो कुछ के मोबाइल करीब दो वर्ष पहले खो गए थे। मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी, लेकिन पुलिस की तकनीकी टीम और थाना पुलिस के प्रयास से मोबाइल बरामद कर उन्हें सौंपा गया।

मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मोबाइल केवल बातचीत का साधन नहीं है, बल्कि इसमें महत्वपूर्ण दस्तावेज, संपर्क नंबर, बैंकिंग और अन्य जरूरी जानकारियां भी होती हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन का धन्यवाद देते हुए लोगों से अपील की कि किसी का मोबाइल मिलने पर उसे लौटाने का प्रयास करें।
इस अवसर पर गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि गिरिडीह पुलिस लगातार लोगों के खोए मोबाइल खोजकर वापस दिलाने का काम कर रही है। अब तक सैकड़ों लोगों को उनके मोबाइल लौटाए जा चुके हैं, जिससे लोगों के चेहरे पर मुस्कान वापस आई है।
एसपी ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिन लोगों का मोबाइल खो गया है, वे संबंधित थाना में आवेदन दें। पुलिस तकनीकी सहायता के माध्यम से मोबाइल की तलाश कर उसे बरामद करने का हरसंभव प्रयास करेगी। पुलिस की इस पहल से एक बार फिर लोगों का भरोसा पुलिस व्यवस्था पर मजबूत होता दिखाई दिया।



